India vs England 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। ये सीरीज कप्तान शुभमन गिल के लिए बतौर बल्लेबाज काफी शानदार रही है। जिसके चलते वे एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे कप्तान भी बन गए हैं। हालांकि ओवल टेस्ट में गिल कुछ खास कमाल नहीं कर पाए, जबकि टीम इंडिया के लिए ये मैच काफी अहम है। वहीं इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी शुभमन गिल को एक ताना मारा है।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने क्यों मारा गिल को ताना?
ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजी में 2 चौके लगाकर शुरुआत तो अच्छी की थी लेकिन महज 11 रन बनाकर वे एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए थे। हालांकि इस दौरान गिल ने रिव्यू जरूर लिया था, लेकिन थर्ड अंपायर ने भी उनको आउट करार दिया। गस एटिंकसन की गेंद को गिल समझ नहीं पाए थे।
वहीं शुभमन गिल को लेकर स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा “मैं हमेशा सोचता था कि शुभमन गिल को सब सपाट पिच वाला बल्लेबाज क्यों कहते हैं। मैंने इस सीरीज को ध्यान से देखा और अब मुझे इसका जवाब मिल गया है। चुनौतीपूर्ण पिच पर वह बिलकुल भी नहीं समझ पाते।” ब्रॉड का मानना है कि गिल चुनौतीपूर्ण पिचों पर रन नही बना पाते हैं, वहां उनको गेंद समझ नहीं आती है। इससे पहले पहली पारी में भी गिल महज 21 रन बनाकर आउट हो गए थे।
इस सीरीज में बनाए सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल के लिए ये सीरीज कमाल की रही है। उन्होंने इस सीरीज में बल्लेबाजी करते हुए 754 रन बनाए हैं। जिसमें 4 शतक और एक दोहरा शतक भी शामिल है। कप्तान के तौर पर इंग्लैंड में ये गिल की पहली टेस्ट सीरीज है। वहीं टीम इंडिया के पास इस सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म करने का अच्छा मौका है।