India vs England 3rd Test: टीम इंडिया को लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के हाथों मिली इस करीबी हार ने करोड़ों भारतीय फैंस के दिलों को तोड़कर रख दिया है। टीम इंडिया इस हार को कभी नहीं भुला पाएगी। दूसरी पारी में जिस तरह से इंग्लैंड ने शानदार गेंदबाजी की, उसके सामने भारतीय बल्लेबाज फेल साबित हुए और टीम इंडिया 193 रनों का टारगेट भी हासिल नहीं कर पाई। वहीं दूसरी पारी में टीम इंडिया के 9 बल्लेबाज मिलकर जितने रन नहीं बना पाए, उतने टीम इंडिया ने इस मैच में एक्स्ट्रा के रूप में खर्च किए, जो कही न कही टीम इंडिया की हार का कारण बना।
टीम इंडिया ने लुटाए 63 रन एक्स्ट्रा
वैसे लॉर्ड्स टेस्ट में टीम इंडिया की गेंदबाजी और फील्डिंग कमाल की रही, लेकिन फिर भी भारत ने एक्स्ट्रा के रूप में इंग्लैंड से कही ज्यादा रन लॉर्ड्स टेस्ट में खर्च किए। टीम इंडिया ने मैच की पहली पारी में 31 रन और दूसरी पारी में 32 रन एक्स्ट्रा के रूप में खर्च किए थे। यानी कुल मिलाकर इस मैच में भारतीय टीम ने 63 रन एक्स्ट्रा के रूप में खर्च किए। जबकि दूसरी पारी में टीम इंडिया के 9 बल्लेबाज भी मिलकर इतने रन नहीं बना पाए थे। वहीं बात अगर इंग्लैंड की करें तो इस मैच में इंग्लैंड ने एक्स्ट्रा के रूप में दोनों पारियों के मिलाकर 30 रन खर्च किए थे।
7 बल्लेबाज नहीं खोल पाए दहाई का आंकड़ा
लॉर्ड्स टेस्ट दूसरी पारी में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। 7 बल्लेबाज दूसरी पारी में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए थे। यशस्वी जायसवाल इस पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए थे, इसके अलावा शुभमन गिल ने 6, आकाश दीप 1, ऋषभ पंत 9, वाशिंगटन सुंदर शून्य, जसप्रीत बुमराह 5 और मोहम्मद सिराज ने 4 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 61 रनों की पारी खेली, जडेजा आखिर तक इंग्लैंड के गेंदबाजों से लड़ते हुए दिखाई दिए, लेकिन दूसरे छोर के बल्लेबाज रन नहीं बना पाए।