ACC Womens Asia Cup Rising Stars 2026: राइजिंग एशिया कप 2026 में भारतीय महिला A टीम और बांग्लादेश महिला A टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था. इस मैच को भारत ने आसानी के साथ अपने नाम करते हुए खिताब भी जीत लिया. भारत की ओर से तेजल हसबनीस ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी, जबकि राधा यादव ने 30 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली थी. वहीं, गेंदबाजी में प्रेमा रावत ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत भारत ने 46 रनों से जीत हासिल कर ली.
भारत ने बनाए थे 134 रन
भारत को इस मैच में खराब शुरुआत मिली. सलामी बल्लेबाज नंदनी कश्यप ने 15 गेंदों में 8 रन बनाए, जबकि वृंदा दिनेश ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए. इसके अलावा अनुष्का शर्मा ने 12 गेंदों में 8 रन बनाए थे. हालांकि पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरीं तेजस हसबनीस ने 34 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली, जबकि राधा यादव ने 30 गेंदों में 36 रन बनाए थे.
बांग्लादेश की ओर से शानदार गेंदबाजी फहीमा खातून ने की. उन्होंने 4 ओवर में 25 रन खर्च कर 4 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा फरजाना ईस्मीन और फातिमा जहां सोनिया को 1-1 सफलता मिली.
88 रनों पर सिमट गई बांग्लादेश
बांग्लादेश 20 ओवर में 88 रनों पर सिमट गई. टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज खासा प्रभावित नहीं कर सका. सलामी बल्लेबाज इशमा तंजीम ने 3 रन, जबकि कप्तान शमीमा सुल्तान ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए. इसके अलावा सरमिन सुल्ताना ने 29 गेंदों में 18 रनों की पारी खेली थी. भारत की ओर से प्रेमा रावत ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि तनुज कंवर और सोनिया मेंधिया को 2-2 सफलता मिली. भारतीय गेंदबाजों के आगे बांग्लादेश के बल्लेबाजों को नहीं चली. ऐसे में भारत ने आसानी के साथ फाइनल जीत लिया.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली के बाद संजय मांजरेकर के निशाने पर सूर्यकुमार यादव! अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद की ऐसी शिकायत










