IND vs SL: भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान, कुसल मेंडिस बाहर, 3 साल बाद लौटा ये खिलाड़ी
IND vs SL: श्रीलंका ने भारत के खिलाफ 15 अगस्त से गॉले में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. धनंजय डी सिल्वा को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि कामिंदु मेंडिस को उपकप्तान बनाया गया है.
Sri Lanka Test Team (PIC Credit -AI) श्रीलंका की टीम को लगे 3 बड़े झटके
---विज्ञापन---
India vs Sri Lanka Test: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने वाला है. सीरीज का पहला मुकाबला गॉले में खेला जाएगा. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही कर दिया गया था और टीम श्रीलंका पहुंचकर अपनी तैयारियों में जुट चुकी है. इसी बीच श्रीलंका क्रिकेट ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. श्रीलंकाई टीम की कप्तानी धनंजय डी सिल्वा को सौंपी गई है, जबकि कामिंदु मेंडिस को उपकप्तान बनाया गया है. वहीं, टीम के नियमित विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह 3 साल से बाहर चल रहे एक खिलाड़ी को विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है.
3 साल बाद निरोशन डिकवेला की हुई वापसी
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए घोषित श्रीलंकाई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला की हो रही है. 33 वर्षीय डिकवेला की तीन साल बाद टीम में वापसी हुई है. डिकवेला ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. अब लंबे अंतराल के बाद उन्हें भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए टीम में चुना गया है.
---विज्ञापन---
टीम के नियमित विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के दौरान दाईं हैमस्ट्रिंग में लगी चोट से उबर रहे हैं, जिसके चलते वह पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे. ऐसे में उनकी जगह डिकवेला को विकेटकीपर के रूप में श्रीलंकाई टीम में शामिल किया गया है.
इस खिलाड़ी के पास टेस्ट डेब्यू करने का मौका
वहीं, युवा बल्लेबाज पसिंदु सूरियाबंदारा को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है. सूरियाबंदारा के पास इस सीरीज में टेस्ट डेब्यू करने का मौका होगा. उनके अलावा, ऑफ स्पिनर केशारा नुवंता को भी पहली बार श्रीलंकाई टीम में जगह मिली है. इसके अलावा, श्रीलंका ने अपने अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल को भी टीम में बरकरार रखा है. श्रीलंका ने अपनी टीम में 5 तेज गेंदबाजों को शामिल किया है, जिनमें विश्वा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका के रूप में दो लेफ्ट आर्म पेसर भी हैं. यानी श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टेस्ट के लिए एक युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम चुनी है.
---विज्ञापन---
बता दें कि, श्रीलंकाई टीम अपने कुछ खिलाड़ियों की चोट से परेशान है, इसी कारण टीम घोषणा में देरी हुई है. हालांकि, मेजबान टीम ने अभी सिर्फ पहले टेस्ट के लिए यह स्क्वॉड चुना है, जो 15 अगस्त से गॉले में टीम इंडिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. वहीं, 23 अगस्त से कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान बाद किया जाएगा, जिसमें कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं.
हिंदी न्यूज़/खेल/IND vs SL: भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान, कुसल मेंडिस बाहर, 3 साल बाद लौटा ये खिलाड़ी
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.