ICC Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 की मेजबानी करने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए राहत की खबर है। हाल ही में इस टूर्नामेंट की तैयारी व सुरक्षा की समीक्षा करने के लिए आईसीसी का एक पैनल पाकिस्तान पहुंचा था। इस पैनल ने इस टूर्नामेंट को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। इस अपडेट के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही है कि टीम इंडिया भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान का दौरा कर सकती है। हालांकि, इसका अंतिम फैसला भारत सरकार और बीसीसीआई ही करेगी।
पीसीबी की तैयारियों से आईसीसी संतुष्ट
आईसीसी के एक पैनल ने पाकिस्तान का दौरा कर इस टूर्नामेंट की तैयारी और सुरक्षा की समीक्षा की थी। इस पैनल ने मैच खेलने वाले सभी स्टेडियम और खिलाड़ियों को जिन होटलों में ठहराया जाएगा। खिलाड़ियों को स्टेडियम लाने और ले जाने की क्या व्यवस्था होगी, इस पर विस्तृत रूप से जांच-पड़ताल की थी। इसके बाद वापस लौटे इस पैनल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से की गई तैयारियों को संतोषजनक बताया है।
पाकिस्तान में ही होगी चैंपियंस ट्रॉफी
आईसीसी पैनल की संतुष्टि के बाद अब ये लगभग साफ हो गया है की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 का आयोजन पाकिस्तान की मेजबानी में ही होगा। पहले ऐसी चर्चाएं थी कि पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक स्थिरता की कमी के कारण इस टूर्नामेंट को किसी और देश की मेजबानी में कराया जा सकता है।
भारतीय टीम भी जा सकती है पाकिस्तान
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 की तैयारियों को हरी झंडी मिलने के बाद यह कहा जा रहा है कि भारतीय टीम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जा सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह से बीसीसीआई और भारत सरकार पर निर्भर है, लेकिन आईसीसी के पैनल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत में हाइब्रिड मॉडल पर कोई चर्चा नहीं की है। भारतीय क्रिकेट टीम सुरक्षा के मुद्दे पर पाकिस्तान जाने से मना कर सकती है। जबकि, आईसीसी के पैनल ने पाकिस्तान के सुरक्षा व्यवस्था पर अपनी मुहर लगा दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि टीम इंडिया सुरक्षा की गारंटी मिलने के बाद पाकिस्तान में टूर्नामेंट खेल सकती है।