FIFA World Cup 2026: फाइनल से पहले फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान की जंग, जानिए फ्री में कब, कहां और कैसे देखें LIVE
France vs England Live Streaming: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें तीसरे स्थान के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी. यह मैच मियामी स्टेडियम में खेला जाएगा और दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत करना चाहेगी. यहां जानिए आप इस मुकाबले को भारत में कब, कहां और कैसे फ्री में लाइव देख सकते हैं.
FIFA World Cup 2026, France vs England Live Streaming: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार 20 जुलाई की रात अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. इस खिताबी मुकाबले से पहले फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें तीसरे स्थान के लिए एक-दूसरे से भिड़ेगी. सेमीफाइनल में हार के बाद दोनों टीमों का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट चुका है. पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से मात देकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया. हालांकि, अब दोनों टीमों के पास जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन करने का मौका होगा. तो चलिए जानते हैं आप इस मुकाबले को फ्री में कब, कहां और कैसे लाइव देख सकते हैं.
गोल्डन बूट की रेस पर भी रहेंगी नजरें
यह मुकाबला सिर्फ तीसरे स्थान के लिए ही अहम नहीं होगा, बल्कि गोल्डन बूट की रेस को भी प्रभावित कर सकता है. फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे अब तक टूर्नामेंट में 8 गोल कर चुके हैं और वह अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर हैं. दोनों खिलाड़ियों के पास अभी एक-एक मैच बाकी है. वहीं, इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंघम 6-6 गोल के साथ इस रेस में बने हुए हैं. ऐसे में तीसरे स्थान का मुकाबला गोल्डन बूट के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है.
---विज्ञापन---
कब और कहां खेला जाएगा फ्रांस और इंग्लैंड के बीच मुकाबला?
फ्रांस और इंग्लैंड के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 में तीसरे स्थान का मुकाबला भारतीय समयानुसार 19 जुलाई (रविवार) देर रात 2:30 बजे शुरू होगा. यह मैच मियामी स्टेडियम में खेला जाएगा.
भारत में फ्रांस और इंग्लैंड के बीच होने वाले तीसरे स्थान के मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट Unite8 Sports के चैनलों पर देखा जा सकता है. यहां आप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लाइव मैच का आनंद उठा सकते हैं.
---विज्ञापन---
कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग?
फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान का मुकाबला ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा. फुटबॉल फैंस यहां हिंदी, अंग्रेजी, मलयालम और बांग्ला सहित कई भाषाओं में लाइव मैच देख सकेंगे. हालांकि, Zee5 पर लाइव मैच देखने के लिए आपको सब्सक्रिप्शन की जरूरत होगी.
फ्री में कहां देखें फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच?
अगर आपके पास ZEE5 का सब्सक्रिप्शन नहीं है और आप फ्री में फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान का मुकाबला देखना चाहते हैं, तो आप DD Sports पर बिल्कुल फ्री में इस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं. इसके लिए आपके पास बस DD फ्री डिश का कनेक्शन होना चाहिए.
फ्रांस और इंग्लैंड के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है. इंग्लिश टीम ने 15 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि फ्रांस ने 10 मुकाबलों में बाजी मारी है. वहीं, दोनों टीमों के बीच 7 मैच ड्रॉ भी रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक इन दोनों के बीच हमेशा से कांटे की टक्कर देखने को मिली है. ऐसे में फैंस को तीसरे स्थान के मुकाबले में भी दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने की उम्मीद है.
हिंदी न्यूज़/खेल/FIFA World Cup 2026: फाइनल से पहले फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान की जंग, जानिए फ्री में कब, कहां और कैसे देखें LIVE
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.