---विज्ञापन---

क्रिकेट

IND vs NAM: ईशान और हार्दिक ने मचाया धमाल, वरुण-अक्षर का चला जादू, T20 WC में टीम इंडिया का विजय रथ जारी

IND vs NAM: टीम इंडिया ने नामीबिया को एकतरफा मुकाबले में 93 रनों से धूल चटाई. वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की घूमती गेंदों के आगे नामीबिया के बैटर्स ने आसानी से घुटने टेक दिए. बल्लेबाजी में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने अर्धशतकीय पारी खेली.

Author Written By: Shubham Mishra Updated: Feb 12, 2026 22:51
IND vs NAM

IND vs NAM: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का विजय रथ जारी है. दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रनों से धूल चटाई. टीम इंडिया से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की पूरी टीम महज 132 रन बनाकर ढेर हो गई.

वरुण चक्रवर्ती नामीबिया के बैटर्स के लिए अबूझ पहेली साबित हुए और उन्होंने महज 7 रन देकर 3 विकेट अपनी झोली में डाले. वहीं, अक्षर पटेल का जादू भी सिर चढ़कर बोला. इससे पहले बल्लेबाजी में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशकतीय पारी खेली.

---विज्ञापन---

ताश के पत्तों की तरह बिखरा नामीबिया का बैटिंग ऑर्डर

भारत से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी रही. जान फ्रायलिंक और लॉरेन स्टीनकम्प ने पहले विकेट के लिए मिलकर 33 रन जोड़े. फ्रायलिंक 15 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद अर्शदीप सिंह का शिकार बने. निकोल लॉफ्टी ईटन 13 रन बनाकर आउट हुए.

स्टीनकम्प 20 गेंदों में 29 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. गेरहार्ड इरास्मस 18 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद नामीबिया ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और देखते ही देखते पूरी टीम सिर्फ 116 रन बनाकर ढेर हो गई. टीम इंडिया की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने महज 7 रन देकर 3 बड़े विकेट चटकाए. वहीं, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो अपनी झोली में डाले.

ईशान-हार्दिक ने मचाया धमाल

इससे पहले टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. संजू सैमसन ने शुरुआत तो ताबड़तोड़ अंदाज में की, लेकिन वह 8 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद चलते बने. इसके बाद दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन और तिलक वर्मा ने 74 रनों की पार्टनरशिप जमाई. तिलक 25 रन बनाकर चलते बने. हालांकि, ईशान ने एक छोर से तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. ईशान ने 24 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली. अपनी इस इनिंग के दौरान ईशान ने 6 चौके और 5 गगनचुंबी सिक्स जमाए.

वहीं, अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली. अपनी इस इनिंग के दौरान हार्दिक ने 4 चौके और चार सिक्स जमाए. शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 23 रन जड़े, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रनों का योगदान दिया. संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रनों की तेज तर्रार इनिंग खेली, जिसके दम पर भारतीय टीम 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 209 रन लगाने में सफल रही. भारत की यह लगातार दूसरी जीत है, जबकि नामीबिया को दूसरे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा है.

First published on: Feb 12, 2026 10:33 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.