पश्चिम एशिया की स्थिति पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि संघर्ष भारत के लिए विशेष चिंता का विषय है। हम एक पड़ोसी क्षेत्र हैं और पश्चिम एशिया की स्थिरता हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। खाड़ी देशों में एक करोड़ भारतीय रहते और काम करते हैं। ईरान में भी कुछ हजार भारतीय अध्ययन या रोजगार के लिए गए हुए हैं। यह क्षेत्र हमारी ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें तेल और गैस के कई महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता शामिल हैं।
Parliament Budget Session LIVE Updates: संसद के बजट सत्र का आज दूसरा फेज शुरू हो रहा है, जो 13 मार्च को खत्म होगा। लेकिन इस दूसरे सत्र के पहले की तरह हंगामेदार रहने के आसार हैं। क्योंकि आज लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जाना है। इसे लेकर कांग्रेस ने पूरी तैयारी कर रखी है और अपने सांसदों को 3 दिन का व्हिप जारी किया हुआ है। वहीं आज मिडिल ईस्ट में चल रही जंग पर विदेश मंत्री जयशंकर दोनों देश बयान भी देंगे।
आज संसद सत्र में दिनभर में होने वाली गतिविधियों और घटनाक्रमों के पल-पल के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विदेश मंत्री जयशंकर ने मिडिल ईस्ट की जंग पर बोलना शुरू किया और विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच ही जयशंकर ने बयान दिया और जब सभापति ने चुपचाप बयान सुनने का आग्रह किया तो विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। वॉकआउट के बाद मकर द्वार पर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन हुआ। भारतीयों के गल्फ देशों में फंसे होने और ट्रेड डील पर सरकार का घेराव किया गया।
राज्यसभा में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि ईरान में फंसे भारतीय छात्रों को एंबेसी ने मदद की है। जंग से गल्फ देशों में आम जीवन और व्यापार प्रभावित हुआ है। लेकिन भारत ने अपने लोगों को इन देशों से निकाल लिया है। बाकी बचे भारतीयों को भी जल्दी निकाल लिया जाएगा।
विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राज्यसभा में पश्चिम एशिया की स्थिति पर बयान दिया। विदेश मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 20 फरवरी को एक बयान जारी करके गहरी चिंता व्यक्त की थी और सभी पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया था। हम अब भी मानते हैं कि मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति का सहारा लेना चाहिए।
राज्यसभा में बोलते हुए विपक्ष के सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नियम 176 के तहत मैं पश्चिम एशिया में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के मद्देनजर भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए उभरती चुनौतियों के मुद्दे पर चर्चा करने की अनुमति का अनुरोध करता हूं।
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन विदेश मंत्री जयशंकर ने पश्चिम एशिया संकट पर बयान दिया। पहले उन्होंने राज्यसभा में बयान दिया। इस दौरान विपक्ष की जोरदार नारेबाजी जारी रही। दोपहर 12 बजे मंत्री लोकसभा में बयान देंगे। बयान के जरिए विदेश मंत्री जयशंकर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत का आधिकारिक रुख स्पष्ट करेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर बहस के दौरान भाजपा की ओर से किरण रिजिजू, जगदंबिका पाल, संबित पात्रा, तेजस्वी सूर्या, निशिकांत दुबे और अनुराग ठाकुर पार्टी का पक्ष रखेंगे।
संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज में आज लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश होगा। कांग्रेस के 3 सांसद इसे पटल पर रखेंगे। प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव में स्पीकर के उस व्यवहार पर सवाल उठाया गया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं को सदन में बोलने नहीं दिया। विपक्ष की महिला सांसदों पर भी बेवजह आरोप लगाए। अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष के 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं।










