Delhi NCR Rain News: दिल्ली और इससे सटे नोएडा में आज हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम हल्का-सा ठंडा भी हो गया। न सिर्फ दिल्ली में, बल्कि हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी बूंदाबांदी हुई है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी खबर है। मौसम विभाग ने आज दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 5 दिन मौसम खराब रहने का अनुमान है।

देश में मौसम की ताजा स्थिति क्या है?

IMD के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और इसके आस-पास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 115 समुद्री मील की रफ्तार वाली पश्चिमी जेट स्ट्रीम चल रही है, जिसके चलते उत्तर भारत में हवाएं चल रही हैं।

---विज्ञापन---

राज्यों में मौसम कब और कैसा रहेगा?

IMD के अनुसार, आज और कल 19 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। गरज चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।

---विज्ञापन---

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 2 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। उसके बाद अगले 5 दिन तक तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में अगले 3 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद अगले 4 दिन तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

बता दें कि पिछले कई दिन से खिल रही धूप के चलते अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 18 फरवरी को बारिश होने के बाद 19-20 और 21 फरवरी को आसमान साफ रहेगा और धूप खिल सकती है। वहीं 22-23 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं। इसके बाद 24 फरवरी को और उससे आगे मौसम के साफ ही रहने की संभावना जताई गई है।

अगले 4 दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट आएगी और उसके बाद के 2 दिन में 3-4°C की वृद्धि होगी। अगले 6 दिनों के दौरान तापमान सामान्य से अधिक (1.6°C से 3°C) से लेकर काफी अधिक (3.1°C से 5°C) रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है और उसके बाद यह सामान्य से काफी अधिक (3.1°C से 5°C) से लेकर काफी अधिक (5.1°C या उससे अधिक) रहने की संभावना है।