IND vs WI 4th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है. अब तक 3 मैच खेले जा चुके हैं. भारत ने पहला मुकाबला अपने नाम किया था. इसके बाद वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा मुकाबला जीता था और सीरीज 1-1 से बराबर किया था. फिर इंदौर में खेले गए तीसरे मैच को भारत ने अपने नाम किया और सीरीज में 2-1 की बराबरी कर ली. भारतीय टीम अब अपना चौथा मैच हैदराबाद में खेलने के लिए उतरेगी. आइए जानते हैं टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा है?
कैसा है भारतीय टीम का हैदराबाद में रिकॉर्ड?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी-20 14 अक्टूबर को खेला जाएगा. हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों का आमना सामना होने वाला है. भारत ने इस मैदान पर पहला टी-20आई मैच साल 2019 में खेला था. अब तक भारत ने इस मैदान पर 3 टी-20आई मैच खेले हैं और सभी को अपने नाम किए हैं. हैदराबाद की सरजमीं पर भारत ने अब तक एक भी टी-20आई मैच नहीं गंवाया है.
वनडे की बात करें तो भारतीय टीम ने अब तक इस मैदान पर 7 मैच खेले हैं, जिसमें टीम ने 4 मैच जीते हैं, जबकि 3 मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, टेस्ट क्रिकेट में भारत ने इस मैदान पर अब तक 6 मैच खेले हैं. भारत को 4 मैच में जीत मिली है. 1 मुकाबला भारत ने गंवाया है और 1 मैच ड्रॉ हुआ है.
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी-20 मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा.
हेड टू हेड में कौन आगे?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 34 टी-20 मैच खेले गए हैं. भारत ने इस दौरान 22 मैच जीते हैं, जबकि 11 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बाजी मारी है. भारतीय टीम टी-20आई में वेस्टइंडीज से काफी आगे है. भारत और वेस्टइंडीज अब अपने 35वें मैच में आमने सामने होंगे.
पिच का मिजाज कैसा है?
हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है. यहां की पिच पाटा है और बल्लेबाज दिल खोलकर रन बनाते हैं. गेंदबाजों के लिए ये पिच आसान नहीं है. वहीं, फिरकी गेंदबाजों को भी जमकर रन पड़ते हैं. इस मैदान पर अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं. आईपीएल में भी यहां रनों की बारिश होती है. ऐसे में आगामी मैच में भी बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है.