Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

’20 साल से इंतजार कर रहा हूं…’, पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला पर क्यों किया हमला? आरोपी ने खुद किया खुलासा

Farooq Abdullah Attacked: फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ है, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। गोली के छर्रे लगने से डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी घायल हो गए। वहीं पुलिस और NSG कमांडो ने पूर्व CM के सिर पर बंदूक तानने वाले को मौके पर ही दबोच लिया।

Author
Edited By : Khushbu Goyal Updated: Mar 12, 2026 07:11
Farooq Abdullah Attacked
फारूक अब्दुल्ला एक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए गए थे।

Farooq Abdullah Attacked: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ है। वे एक शादी समारोह में गए थे, जहां उनके पास एक शख्स आया। उसने बंदूक निकाली और फारूक अब्दुल्ला की कनपटी पर तान दी। वह ट्रिगर दबाने ही वाला था कि पीछे से धक्का लगा और वह गिर गया, लेकिन गोली चली और उसके छर्रे लगने से डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी घायल हो गए। पुलिस और NSG कमांडो आरोपी को मौके पर दबोचकर खूब पीटा।

कौन है हमलावर और उसने क्या कहा?

फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हमलावर का नाम कमल सिंह जामवाल है जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमल सिंह का जन्म 1963 में हुआ था। जम्मू के ओल्ड सिटी इलाके में उसकी कई दुकानें हैं।

---विज्ञापन---

वह इन दुकानों से मिलने वाले किराए के जरिए अपना जीवनयापन करता है। अब तक हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। उसने कहा कि मैं 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। यह मेरा पर्सनल एजेंडा था। जिस बंदूक से गोली चलाई गई, वह आरोपी की ही है।

फारूक अब्दुल्ला के कार्यक्रम में चली गोलियां, बाल-बाल बचे पूर्व CM; उमर अब्दुल्ला ने पूछा – हमलावर इतना करीब कैसे पहुंचा

---विज्ञापन---

चश्मदीदों ने क्या बताया?

शादी समारोह में मौजूद राकेश सिंह ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के लीगल सेल के अध्यक्ष की बेटी की शादी थी। हम सब बैठे हुए थे। तभी डॉक्टर साहब (फारूक अब्दुल्ला) ने बोला कि अब जाते हैं। हम लोग सब जा ही रहे थे कि तभी एक आदमी आया और उसने डॉ। साहब के पीछे रिवॉल्वर तान दी। सिक्योरिटी वाले ने हटाया और गोली ऊपर चली गई। उन्होंने दावा किया कि न कोई सिक्योरिटी वाला था और न कोई पुलिस वाला था।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पुलिस इस मामले को देख रही है। फारूक अब्दुल्ला समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। हमलावर पुलिस स्टेशन में है।उन्होंने कहा कि हम इसे सिक्योरिटी में चूक मानते हैं। ऐसे हादसे अक्सर हो रहे हैं। जिस पार्टी ने देश के लिए सबसे बड़ी कुर्बानी दी है, उसके नेताओं को पूरी सिक्योरिटी मिलनी चाहिए।

उमर अब्दुल्ला बोले- अल्लाह रहम दिल है

अपने पिता पर हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह रहम दिल है। मेरे पिता बहुत बड़े खतरे से बाल-बाल बचे हैं। उन्होंने कहा कि एक शख्स भरी हुई पिस्तौल के साथ बेहद करीब पहुंच गया था और उसने नजदीक से गोली चला दी। उन्होंने कहा कि इस समय सवाल-जवाबों से ज्यादा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेड प्लस और एनएसजी सुरक्षा में रहने वाले एक पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई व्यक्ति आखिर कैसे पहुंच गया।

पुलिस ने बताया कि जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान ये हमला हुआ। पुलिस और NSG के कमांडो उनकी सुरक्षा में तैनात थे, जो तुरंत हरकत में आए और हमले को नाकाम कर दिया। आरोपी को हिरासत में लिया गया है और जिस बंदूक से उसने गोली चलाई थी, उसे जब्त कर लिया गया है। फायरिंग के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर को कुछ लोग घेरकर मारते-पीटते भी नजर आ रहे हैं।

First published on: Mar 12, 2026 06:01 AM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.