प्रयागराज महाकुंभ मेले में फेमस हुए IITian बाबा अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. लंबे समय बाद सोमवार को वह झज्जर में देखे गए. उनके साथ उनकी पत्नी भी थी. उन्होंने खुलासा किया कि दोनों ने 15 फरवरी को शिवरात्रि के मौके पर हिमाचल के अघंजर मंदिर में शादी कर ली. उसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की.
भगवा कपड़े पहने अभय सिंह अपने एडवोकेट पिता के चैंबर में आए. उन्होंने कहा, ‘हम दोनों अपनी जिंदगी से खुश हैं. फिलहाल सादगी से रह रहे हैं. अध्यात्म की तरफ रुझान होने से पहले कभी मैं भी इस चैंबर में बैठकर पिता की एप्लीकेशन चेक कर लेता था.’
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मूलरूप से कर्नाटक की हैं और वह भी इंजीनियर हैं. अभी दोनों हिमाचल के धर्मशाला में रह रहे हैं.
बता दें, अभय सिंह मूलरूप से झज्जर के सासरौली गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता कर्ण सिंह वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के प्रधान भी रह चुके हैं. बॉम्बे IIT से एयरो स्पेस इंजीनियरिंग करने वाले अभय सिंह प्रयागराज महाकुंभ में संन्यासी वेश में नजर आने के बाद देश-विदेश में चर्चा में आए थे.
‘सनातन यूनिवर्सिटी बनाएंगे’
अभय की पत्नी प्रतीका ने कहा, ‘अभय काफी सरल नेचर के हैं. वो बेहद ईमानदार और सच्चे इंसान हैं. मैं कर्नाटक से हूं और इनसे एक साल पहले मिलीं थी. मैंने इंजीनियरिंग कर रखी है. अब हम सनातन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. हम विचार कर रहे हैं कि आगे चलकर सनातन यूनिवर्सिटी बनाएं. यह अध्यात्म से जुड़े गुरु, साधक एक जगह पर यूनाइट करने की कोशिश है. हम झज्जर में सास-ससुर और परिवार वालों से मिलने आए हैं.’










