Rajya Sabha Biennial Election 2026: भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने हर 2 साल में होने वाले चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। साल 2026 में राज्यसभा की 37 सीटें खाली होने जा रही हैं, जिन्हें भरने के लिए मार्च के महीने में चुनाव कराए जाएंगे। 10 राज्यों महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और असम की सीटें खाली हो रही हैं, जिन पर चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी हुआ है।
इलेक्शन का पूरा शेड्यूल इस प्रकार रहेगा
चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 26 फरवरी 2026 दिन गुरुवार से चुनाव नामांकन भरे जाएंगे। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 5 मार्च दिन गुरुवार होगी। 6 मार्च दिन शुक्रवार को नामांकनों की जांच होगी और 9 मार्च दिन सोमवार तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 16 मार्च दिन सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान वाले दिन ही शाम 4 बजे मतगणना शुरू होगी और चुनाव परिणाम घोषित होंगे। 20 मार्च दिन शुक्रवार को चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी।
The Election Commission of India has announced biennial elections to the Council of States (Rajya Sabha) to fill 37 seats from 10 states, with polling scheduled for 16 March 2026. The election process will begin with the issue of notifications on 26 February 2026, and counting of… pic.twitter.com/4rmAPlu4Zi
— Press Trust of India (@PTI_News) February 18, 2026
10 राज्यों के इन दिग्गजों की होगी विदाई
बता दें कि 2 अप्रैल 2026 को महाराष्ट्र के 7 दिग्गज नेता शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी, रामदाव अठावले, डॉ भागवत किशनराव, डॉ फौजिया तहसीन अहमद खान, धैर्यशील मोहन पाटिल और रजनी अशोक राव पाटिल का कार्यकाल राज्यसभा में खत्म होगा। ओडिशा की ममता मोहंता, मुजीबुल्ला खान, सुरजीत कुमार और निरंजन बिशि कार्यकाल खत्म होगा। असम के रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कालिता और अजीत कुमार भुयान का कार्यकाल खत्म होगा।
2 अप्रैल 2026 को ही हरियाणा से किरण चौधरी और राम चंद्र जांगड़ा का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। छत्तीसगढ़ के तेजपाल सिंह तुलसी और फुलो देवी नेतम का कार्यकाल खत्म होगा। हिमाचल प्रदेश की इंदू बाला गोस्वामी, तेलंगाना के अभिषेक मनु सिंघवी के साथ-साथ केआर सुरेश रेड्डी का कार्यकाल खत्म हो रहा है। बिहार के रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, प्रेम चंद्र गुप्ता, अमरेंद्र धारी सिंह का कार्यकाल खत्म होगा।
पश्चिम बंगाल के साकेत गोखले, रीटा बराटा बैनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर, सुब्रता बक्शी की सीटें भी खाली हो रही हैं। वहीं तमिलनाडु की डॉ कनिमोझी, एनआर एलांगो, पी सेल्वरासु, एम थामीबिदुरई, तिरुचि सिवा और जी के वासन कार्यकाल खत्म हो रहा है। बता दें कि महाराष्ट्र की 7, तेलंगाना की 2 सीटें, पश्चिम बंगाल की 5, तमिलनाडु की 6, हरियाणा की 2, छत्तीसगढ़ की 2, ओडिशा की 4, असम की 3, हिमाचल प्रदेश की एक और बिहार की 5 सीटें मार्च 2026 में होने वाले चुनाव से भरी जाएंगी।










