Add News 24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

भारत लौटे शुभांशु शुक्ला की आज PM मोदी से होगी मुलाकात, एयरपोर्ट पर हुआ ढोल-नगाड़े से स्वागत

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ISRO प्रमुख डॉ. वी. नारायणन और उनके परिवार ने भव्य स्वागत किया। शुक्ला आज पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने वाले हैं और बाद में लखनऊ रवाना होंगे।

Author
Written By: News24 हिंदी Updated: Aug 17, 2025 08:01
भारत लौटे शुभांशु शुक्ला, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के बाद भारत लौट आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका जबरदस्त स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ISRO प्रमुख डॉ. वी. नारायणन के साथ-साथ शुक्ला के परिजन एयरपोर्ट पर मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों के साथ शुक्ला का स्वागत किया गया।

शुभांशु शुक्ला के स्वागत के कई वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में देखा गया कि जब वे एयरपोर्ट पर पहुंचे और बाहर निकल रहे थे, तभी उनका बेटा सामने आ गया। बेटे को अचानक सामने देखकर शुभांशु शुक्ला का चेहरा खिल उठा। उन्होंने बेटे को गले लगाया और फिर अन्य लोगों से मुलाकात की।

---विज्ञापन---

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारत के लिए गर्व का क्षण! इसरो के लिए गौरव का क्षण! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संभव बनाने वाली व्यवस्था के प्रति कृतज्ञता का क्षण। भारत का अंतरिक्ष गौरव भारतीय धरती को छू रहा है, क्योंकि भारत माता के प्रतिष्ठित सपूत, गगनयात्री शुभांशु शुक्ला आज सुबह दिल्ली पहुंचे।”

उन्होंने आगे लिखा कि इसके साथ ही ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर का भी स्वागत किया गया, जो भारत के पहले मानव मिशन ‘गगनयान’ के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं और अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) मिशन के लिए भारत के नामित बैकअप थे। नई दिल्ली हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और बाद में छात्रों के एक समूह द्वारा स्वागत किए जाने पर मुझे बहुत खुशी हुई।

शुभांशु शुक्ला आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसके बाद वे अपने परिवार से मिलने के लिए लखनऊ रवाना हो जाएंगे। बता दें कि शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ था और 15 जुलाई को कैलिफ़ोर्निया के तट पर उतरा था। वे 41 वर्षों में अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले भारतीय बने हैं।

First published on: Aug 17, 2025 08:01 AM

संबंधित खबरें