Bigg Boss 19: सलमान खान के शो ‘बिग बॉस सीजन 19’ में एक कंटेस्टेंट सभी की आंख में चुभ रहा है। वो कंटेस्टेंट कोई और नहीं बल्कि टीवी का लाडला बेटा और ग्रीन फ्लैग कंटेस्टेंट गौरव खन्ना हैं। गौरव खन्ना को 2 दिन से लगातार टारगेट किया जा रहा है। कंटेस्टेंट्स अब अपना गेम नहीं खेलना चाहते, बल्कि गौरव खन्ना का खेल बिगाड़ना चाहते हैं। उन्हें घर में छोटी-छोटी बातों पर सुनाया जा रहा है और उनके खिलाफ साजिशें भी रची जा रही हैं। गौरव का अब तक सबसे मजबूत रिश्ता कुनिका के साथ था, वो भी तान्या मित्तल ने आग लगाकर खराब कर दिया।
एक साथ गौरव के खिलाफ हुए घरवाले
कुछ लोग थे जो गौरव खन्ना के साथ बैठते थे और हंसी-मजाक करते थे। हालांकि, कैप्टेंसी टास्क में गौरव और पूरे हिंदुस्तान को पता चल गया कि कौन उनका अपना है और कौन पराया। गौरव खन्ना के सपोर्ट में एक भी शख्स दिखाई नहीं दिया। इस टास्क में घर का एक-एक सदस्य गौरव खन्ना के खिलाफ खड़ा हुआ दिखाई दिया। हर कोई बस यही कोशिश कर रहा था कि गौरव खन्ना किसी भी तरह से ये टास्क न जीतें। एपिसोड देखकर ऐसा लगा जैसे टास्क कैप्टन चुनने का नहीं, बल्कि गौरव से कैप्टेंसी छीनने का था।
कैप्टेंसी टास्क में गौरव को नहीं मिला कोई सपोर्ट
बसीर अली, जीशान कादरी, नेहल चुडासमा और तान्या मित्तल तो शुरू से ही गौरव खन्ना के खिलाफ थे। हालांकि, इस टास्क से पता चला कि अवेज दरबार, नगमा मिराजकर, अशनूर कौर, नीलम गिरी, अमाल मलिक और मृदुल तिवारी भी गौरव के सपोर्ट में नहीं हैं। गौरव ने बसीर की सभी चाल पकड़ ली और बेहतरीन गेम खेला, लेकिन वो बिना किसी के सपोर्ट के जीत हासिल नहीं कर पाए। इसके बाद वो कॉर्नर होने के बाद थोड़े इमोशनल होते हुए भी दिखाई दिए।
अकेले पड़े गौरव खन्ना
गौरव खन्ना भले ही कह रहे हैं कि उन्हें किसी की जरूरत नहीं है, वो अकेले ही काफी हैं, लेकिन उन्हें चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही है। वो शो में बिल्कुल अकेले पड़ चुके हैं। उनका फिलहाल एक भी दोस्त नहीं है और वो फिर भी पॉजिटिव बने रहने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उनका गेम अब अकेले रहने से कमजोर होगा या फिर मजबूत? वो तो वक्त ही बताएगा।