---विज्ञापन---

दुनिया

किस देश में बन रहा दुनिया का पहला ‘सोने का शहर’? होंगी 1 हजार से ज्यादा गोल्ड की दुकानें

दुबई दुनिया का पहला 'गोल्ड सिटी' और सोने की सड़क बनाने जा रहा है. इस अनोखे प्रोजेक्ट में 1,000 से ज्यादा दुकानें होंगी, जो दुबई को सोने के व्यापार का सबसे बड़ा केंद्र बनाएंगी.

Author Written By: Raja Alam Updated: Feb 1, 2026 18:19

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत और आलीशान होटलों के बाद अब दुबई एक ऐसा कारनामा करने जा रहा है जो किसी ने सोचा भी नहीं होगा. अरब देशों की शान और ताकत माने जाने वाले सोने को अब दुबई की सड़कों पर बिछाया जाएगा. दरअसल यूएई सरकार ने ‘दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट’ नाम के एक मेगा प्रोजेक्ट का एलान किया है जिसे ‘सोने का घर’ कहा जा रहा है. इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यहां बनने वाली ‘गोल्ड स्ट्रीट’ होगी जो पूरी तरह से सोने के तत्वों से सजी होगी. यह दुनिया की पहली ऐसी सड़क होगी जहां चलते वक्त लोगों को चारों तरफ सिर्फ सोने की चमक ही नजर आएगी.

सोने के व्यापार का बनेगा सबसे बड़ा हब

यह अनोखा शहर दुबई के पुराने और मशहूर डेरा इलाके में बनाया जा रहा है जो पहले से ही अपने गोल्ड सौक के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है. नए गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में केवल छोटी दुकानें नहीं होंगी बल्कि यहां होलसेल ट्रेडिंग, सोने की ईंटों का व्यापार और निवेश से जुड़ी तमाम सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी. अधिकारियों के मुताबिक यहां 1,000 से ज्यादा रिटेल आउटलेट्स खोले जाएंगे जहां दुनिया भर के पर्यटक और बड़े व्यापारी अपनी पसंद की ज्वैलरी खरीद सकेंगे. इस प्रोजेक्ट का मकसद दुबई को आभूषणों के वैश्विक बाजार में नंबर वन बनाना है ताकि कोई भी देश इसकी बराबरी न कर सके.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: ‘ईरान की बजाय वेनेजएुला के तेल पर डील कर सकता है चीन’, ट्रंप का ऑफर, भारत को लेकर भी किया बड़ा दावा

यूएई सरकार ने जारी किया शानदार वीडियो

दुबई के आर्थिक और पर्यटन विभाग के तहत काम करने वाली कंपनी इथरा दुबई ने इस सपने को सच करने की जिम्मेदारी उठाई है. अधिकारियों का कहना है कि सोना दुबई की संस्कृति और पहचान का अहम हिस्सा है जो उनकी समृद्धि और व्यापारिक सोच को दर्शाता है. इस प्रोजेक्ट को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और सरकार ने इसका पहला टीजर वीडियो भी जारी कर दिया है. वीडियो में दिख रही झलक बताती है कि यह शहर न केवल व्यापार का केंद्र होगा बल्कि इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना भी साबित होगा. सोने की चमक और आधुनिक आर्किटेक्चर का यह मेल पर्यटकों को एक अलग ही दुनिया का एहसास कराएगा.

---विज्ञापन---

पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

दुबई हमेशा से ही अपने अनोखे और हैरतअंगेज प्रोजेक्ट्स के लिए दुनिया भर में मशहूर रहा है. बुर्ज खलीफा और पाम आइलैंड्स की सफलता के बाद अब यह गोल्ड सिटी दुबई के ताज में एक और नया हीरा जड़ने जा रही है. इस सड़क के सटीक डिजाइन और इसे पूरा करने की तारीखों के बारे में जल्द ही चरणबद्ध तरीके से जानकारी दी जाएगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इस गोल्ड स्ट्रीट के बनने से दुबई में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड तोड़ इजाफा होगा. दुनिया भर के लोग अब उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब वे अपनी आंखों से सोने की सड़क को देखेंगे और उस पर चलने का अनुभव ले पाएंगे.

First published on: Feb 01, 2026 06:19 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.