Rampur By-Election: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रामपुर (Rampur) जिले में रविवार रात को एसपी ऑफिस के बाहर धरना दे रहे सपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पुलिस ने कथित तौर पर आधी रात को बलपूर्वक हटा दिया। बता दें कि सपा समर्थक रामपुर प्रशासन के खिलाफ धरना दे रहे थे।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की ओर से आक्रोश जताया गया है। आरोप है कि पुलिस ने सपा समर्थकों पर लाठियां बरसाईं। पार्टी की ओर से इसका एक वीडियो भी जारी किया गया है।

समाजवादी पार्टी ने घटना को बताया निंदनीय

समाजवादी पार्टी की ओर से इस घटना को लेकर ट्वीट भी किया गया है। इसमें लिखा है, ‘रामपुर में सीएम के आदेश पर पुलिस ने दमन और अत्याचार की सभी हदें की पार! एसपी आवास के बाहर उपचुनाव में पुलिस की गुंडागर्दी और अत्याचार को लेकर शांतिपूर्ण रूप से धरने पर बैठे सपा कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज, घोर निंदनीय! मामले का संज्ञान लें चुनाव आयुक्त। हो कार्रवाई।’

रविवार रात को भी अखिलेश ने किया था ट्वीट

वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर की घटना को लेकर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कई ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि ‘रामपुर उपचुनाव में सपा के प्रत्याशी धरने पर बैठे हैं, क्योंकि शासन-प्रशासन मिलकर ऐसा कुचक्र रच रहा है कि सपा के समर्थक मतदान न कर सकें। चुनाव आयोग तत्काल सक्रिय हो और ईमानदारी से चुनाव कराने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की निष्पक्षता सुनिश्चित करे।’

सपा प्रत्याशी ने सेना बुलाने की कही थी बात

जानकारी के मुताबिक रामपुर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आसिम रजा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उनके बूथ एजेंटों पर निराधार कार्रवाई की जा रही है। उनके यहां छापेमारी करके गिरफ्तार किया जा रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने मांग की है कि यह चुनाव सेना की निगरानी में कराया जाए।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ