हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रिवालसर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बंदर कुत्ते के छोटे बच्चे को अपनी गोद में लेकर पेड़ पर बैठ गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग जहां हैरान हैं, वहीं छोटे बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो रिवालसर कस्बे का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो करीब 1 मिनट 17 सेकेंड का है, जिसमें एक बंदर कुत्ते के बच्चे को उठाकर पेड़ पर चढ़ता हुआ दिखाई देता है.
10 मिनट तक पेड़ पर बैठा रहा बंदर
वीडियो में सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि बंदर की गोद में बैठा कुत्ते का बच्चा बिल्कुल शांत नजर आ रहा है. वो किसी तरह की छटपटाहट या डर नहीं दिखा रहा. बंदर भी उसे कसकर पकड़े हुए दिखाई देता है और पेड़ की ऊंची टहनियों पर बैठा रहता है. इस दौरान आसपास मौजूद लोग पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे. स्थानीय निवासियों के मुताबिक, ये पूरा घटनाक्रम करीब 10 मिनट तक चला. कुछ लोगों ने बंदर को नीचे उतारने की कोशिश भी की, लेकिन वो काफी देर तक पेड़ पर ही बैठा रहा. बाद में कुत्ते का बच्चा पूरी तरह सुरक्षित नजर आया, उसे किसी तरह की कोई चोट नहीं लगी.
बंदर बन रहे लोगों के लिए मुसीबत
रिवालसर और आसपास के इलाकों में बंदरों की बढ़ती संख्या पहले से ही लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. कई बार बंदर घरों, दुकानों और सार्वजनिक जगहों पर पहुंचकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल ये वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. कई लोग इसे बंदर और कुत्ते के बच्चे के बीच अनोखे व्यवहार के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मान रहे हैं. वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.
(Input By: Rajesh Sharma)