---विज्ञापन---

उत्तर प्रदेश / उत्तराखंड

गाजियाबाद के स्कूल में घुसा तेंदुआ, परीक्षा हुई रद्द, वन विभाग की टीम ने की घेराबंदी

गाजियाबाद के ग्रीन फील्ड स्कूल में बुधवार सुबह तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया. समय रहते सूचना मिलने पर ग्यारहवीं की परीक्षा निरस्त कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

Author Written By: Raja Alam Updated: Feb 25, 2026 12:52

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में उस वक्त हडकंप मच गया जब बुधवार सुबह करीब छह बजे एक जंगली तेंदुआ एनडीआरएफ रोड पर स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के परिसर में घुस आया. स्कूल के सुरक्षाकर्मी ने तेंदुए को मैदान में चहलकदमी करते देखा और तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन को दी. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि तेंदुए ने क्लास रूम के भीतर घुसने की कोशिश की, लेकिन दरवाजे बंद होने की वजह से वह नाकाम रहा. करीब दो मिनट तक स्कूल के मैदान में घूमने के बाद तेंदुआ दीवार फांदकर वहां से भाग निकला. स्कूल परिसर में तेंदुए की मौजूदगी से इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है.

परीक्षा रद्द और बड़ी अनहोनी टली

तेंदुए की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बड़ा फैसला लेते हुए बुधवार को होने वाली कक्षा 11वीं की परीक्षा को तुरंत निरस्त कर दिया. अभिभावकों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपील की गई कि वे बच्चों को स्कूल न भेजें. अगर समय रहते सुरक्षाकर्मी की नजर तेंदुए पर न पड़ती और बच्चे स्कूल पहुंच जाते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी. एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि यह तेंदुआ मंगलवार रात को भी इसी इलाके में देखा गया था. फिलहाल एहतियात के तौर पर स्कूल के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए हैं और पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है ताकि किसी भी तरह के खतरे से बचा जा सके.

यह भी पढ़ें: UP विधानसभा चुनाव के लिए मायावती का बड़ा ऐलान, इस ब्राह्मण चेहरे को बनाया पहला प्रत्याशी

---विज्ञापन---

वन विभाग की घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. तेंदुए को पकड़ने के लिए स्कूल के आसपास और रास्तों पर जाल लगाया गया है. पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से एनडीआरएफ रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रूट डायवर्ट कर दिया है ताकि राहगीरों को कोई नुकसान न पहुंचे. वन विभाग के विशेषज्ञ तेंदुए के पैरों के निशान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश में जुटे हैं. प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को भी सचेत रहने और घरों से बाहर कम निकलने की सलाह दी है. पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद है और जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा.

First published on: Feb 25, 2026 12:27 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.