---विज्ञापन---

बीड में मेडिकल स्टूडेंट से दरिंदगी, नशीली दवा देकर बनाया अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के बीड में एक घटना सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल (BHMS) की एक छात्रा को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे ब्लैकमेल किया. पुलिस ने आरोपी शेख मुसव्वर शेख वसीम को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें महाराष्ट्र के बीड से संजीब रॉय की रिपोर्ट.

---विज्ञापन---

महाराष्ट्र के बीड शहर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मेडिकल (BHMS) की छात्रा को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा था.

मामला उजागर होने के बाद शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में आरोपी शेख मुसव्वर शेख वसीम के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, घटना के सामने आते ही बीड में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है.

---विज्ञापन---

NEET कोचिंग से शुरू हुआ था पीछा

शिकायत में दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी का परिचय NEET की कोचिंग के दौरान हुआ था. छात्रा के BHMS में दाखिला लेने के बाद भी आरोपी उसका पीछा करता रहा और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा. छात्रा के मना करने पर एक दिन जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, आरोपी घर में घुस आया. उसने पीड़िता को पानी में नशीली दवा मिलाकर दी और उसके बेहोश होने पर घिनौनी हरकत कर अश्लील वीडियो बना लिया. इसके बाद आरोपी उसी वीडियो के जरिए पीड़िता को लगातार डराता-धमकाता रहा और एक होटल में ले जाकर दोबारा उसका शोषण किया.

सिनेमा हॉल से पकड़ा गया आरोपी, ऐसे खुला मामला

4 सितंबर को आरोपी ने पीड़िता पर फिर से साथ में फिल्म देखने जाने का दबाव बनाया. उसने धमकी दी कि बात न मानने पर वह वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर उसके रिश्तेदारों को भेज देगा. आरोपी के इस टॉर्चर से तंग आकर छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपने परिवार को बताई. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.

---विज्ञापन---

मामले पर पुलिस का बयान

दीपक लंका, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (API) ने कहा, ‘हमें सूचना मिली थी कि बीड के एक सिनेमा हॉल में एक युवक और युवती संदिग्ध हालत में हैं. मौके पर पहुंचकर जब दोनों को हिरासत में लिया गया और पीड़िता के परिजनों से बात की गई, तब ब्लैकमेलिंग और नशीली दवा देने के इस पूरे मामले का खुलासा हुआ. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.’

बीड में राजनीतिक पारा गर्म, आंदोलन की चेतावनी

घटना की जानकारी मिलते ही कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी आक्रोश फैल गया है. मामले को लेकर बीड में विरोध प्रदर्शन और जांच की मांग तेज हो गई है. शिवसेना के बीड जिला प्रमुख स्वप्निल गलाधर ने पीड़िता के साहस की तारीफ करते हुए कहा कि आरोपी शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है.

---विज्ञापन---

उन्होंने मांग की कि आरोपी के मोबाइल फोन की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि कहीं और लड़कियां भी इसका शिकार तो नहीं हुई हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लगी तो शिवसेना सख्त रुख अपनाएगी. घटना के बाद स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने आरोप लगाया है कि पढ़ी-लिखी हिंदू लड़कियों को झांसे में लेकर निशाना बनाया जा रहा है. मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल और डिजिटल डिवाइस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज रही है. वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.

---विज्ञापन---

First published on: Sep 07, 2026 12:19 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola