महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल और एक महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में यूट्यूबर संतोष पंडित की गिरफ्तारी के बाद वह चर्चा में आ गया है. सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने और विवादित सामग्री परोसने के आरोप में पुणे पुलिस ने उसे उसके घर से हिरासत में लिया है.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, संतोष पंडित पर आरोप है कि उसने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल और एक महिला जनप्रतिनिधि को लेकर बेहद अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं.
मुख्यमंत्री पर भी की थी टिप्पणी
दर्ज शिकायत में यह खुलासा भी हुआ है कि आरोपी ने सिर्फ मंत्री तक ही सीमित न रहकर, एक अन्य वीडियो में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेकर भी इसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं.
कौन है यूट्यूबर संतोष पंडित?
45 वर्षीय संतोष पंडित पुणे का रहने वाला एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर है. वह अपने यूट्यूब चैनल पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर वीडियो बनाता है. संतोष पंडित मुख्य रूप से नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर तीखी, आक्रामक और कई बार आपत्तिजनक भाषा में टिप्पणियां करने के लिए जाना जाता है. उसके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल होते हैं और उन्हें लाखों लोग देखते हैं.
पहले भी दर्ज हो चुका है आपराधिक मामला
संतोष पंडित का विवादों से पुराना नाता रहा है. यह पहला मौका नहीं है जब वह कानूनी शिकंजे में आया हो. इससे पहले भी चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ आपत्तिजनक बयानों को लेकर पुणे के डेक्कन पुलिस थाने में उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है. बार-बार चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद उसने सोशल मीडिया पर मानहानिकारक वीडियो डालना जारी रखा.
आधी रात पुलिस का शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे की कोथरुड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने देर रात करीब 1:30 बजे भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर पंडित को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उपायुक्त सागर कवाडे के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और उसके चैनल पर अपलोड किए गए अन्य वीडियो की भी पड़ताल चल रही है.