MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले की डबरा विधानसभा सीॉ पर तीसरी बार समधी-समधन के बीच सीधा मुकाबला होगा। इस सीट पर कांग्रेस के सुरेश राजे और बीजेपी की इमरती देवी के बीच तगड़ा मुकाबला होगा। इस बार देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव में किसकी जीत और किसकी हार होती है। यहां पर दोनों ही पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस ने रिश्तेदारों को आमने-सामने मैदान पर उतार दिया है। जहां एक तरफ भाजपा ने कांग्रेस से आईं इमरती देवी को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने दोबारा से इमरती देवी के समधी सुरेश राजे पर भरोसा जताया है।
समधी भाजपा से कांग्रेस में, तो समधन कांग्रेस से बीजेपी में आई
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में ऐसा तीसरी बार होने जा रहा है, जब समधी-समधन की यह जोड़ी आमने-सामने है। 2013 में समधी सुरेश राजे को भाजपा ने टिकट दिया था। उस समय समधन इमरती देवी कांग्रेस से चुनाव लड़ी थीं। इमरती देवी ने सुरेश राजे को 32000 वोटों से हराया था। इसके बाद 2020 में उपचुनाव के दौरान कांग्रेस की इमरती देवी सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं और भाजपा से सुरेश राजे कांग्रेस में पहुंचे थे। इस दौरान सुरेश राजे ने इमरती देवी को 8000 वोटों से हराया था। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए एक बार फिर समधी समधन को मैदान में दोनों ही पार्टियों ने उतारा है।
डबरा विधानसभा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है
डबरा विधानसभा सीट को कांग्रेस की एक मजबूत सीट माना जाता है। यहां कांग्रेस लंबे समय से चुनाव जीतती आई है। साल 2008 में कांग्रेस के टिकट पर इमरती देवी ने डबरा विधानसभा में जीत कायम की थी। उसके बाद 2013 में पार्टी ने इमरती देवी पर पुनः भरोसा जताया और उन्होंने भाजपा को करारी मात दी थी। वहीं जब 2020 में इमरती देवी भाजपा के टिकट पर डबरा विधानसभा में चुनाव लड़ी थी तो उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।