DUSU Election Result 2026: देश के सबसे बड़े स्टूडेंट इलेक्शन दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (DUSU) के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे. सुबह ठीक 8 बजे खेल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हाल में मतगणना शुरू हुई है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. मतगणना 4 से 5 घंटे में पूरी हो जाएगी और दोपहर 12 बजे से रिजल्ट घोषित होने की उम्मीद है. बीते दिन 52 मतदान केंद्रों पर 40.46% वोटिंग हुई थी. कॉलेजों के चुनाव परिणाम कल ही घोषित हो गए थे और DUSU के नतीजे आज घोषित होंगे, जिसके चलते आज भी यूनिवर्सिटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे.
20 चुनाव प्रत्याशी आजमा रहे हैं किस्मत
दिल्ली यूनिवर्सिटी और इससे संबद्ध कॉलेजों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों के लिए चुनाव हो रहा है. ABVP, NSUI, AISA-SFI गठबंधन, ASAP और निर्दलीय प्रत्याशियों समेत 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं. ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास और उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्या को चुनावी रण में उतारा है. NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा और उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चतरथ को प्रत्याशी बनाया है. वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आने के बाद किसी भी तरह के विक्ट्री जुलूस पर रोक लगा दी है.
काफी शांतिपूर्ण रहे छात्र संघ चुनाव मतदान
DUSU चुनाव पर मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि बीते दिन छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर यूनिवर्सिटी में काफी चहल पहल रही. मतदान केंद्रों पर छात्रों का हुजूम उमड़ा, जो शाम होते-होते खत्म हो गया था. एक-दो घटनाओं को छोड़कर चुनाव प्रक्रिया काफी शांतिपूर्ण रही. बीते दिन जहां यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में दिल्ली पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे. वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने भी छात्र संघ चुनाव पर कड़ी नजर बनाए रखी. क्योंकि दिल्ली हाईकोर्ट दिल्ली में छात्र संघ चुनाव के दौरान हिंसा या किसी भी तरह की गड़बड़ी को लेकर बेहद सख्त रवैया अपनाए हुए है.
पिछले 2 साल के चुनाव से ज्यादा वोट प्रतिशत
बता दें कि इस बार छात्र संघ चुनाव में पिछले 2 साल के मुकाबले वोट प्रतिशत ज्यादा रहा. साल 2024 में 35.20 फीसदी वोटिंग हुई थी और साल 2025 में 39.45 फीसदी मतदान हुआ था. वहीं इस बार साल 2026 में 40.46 फीसदी वोटिंग हुई है. लेकिन यह मतदान प्रतिशत साल 2023 में हुए 42 फीसदी मतदान से कम है. 2025 में दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष चुनाव जीतकर ABVP के आर्यन मान बने थे. वाइस प्रेसिडेंट का पद NSUI को सचिव एवं संयुक्त सचिव का पद ABVP को मिला था. इस बार अध्यक्ष पद के लिए करीब 7 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के 91 में से 52 कॉलेज में चुनाव
बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में 2 कैंपस साउथ और नॉर्थ हैं, जो एक दूसरे से 15 किलोमीटर की दूरी पर बने हैं. दोनों को मिलाकर दिल्ली यूनिवर्सिटी में कुल 91 कॉलेज हैं, लेकिन छात्र संघ चुनाव में सभी कॉलेज वोट नहीं करते, बल्कि सिर्फ 52 कॉलेज और उनकी फैकल्टी ही वोटिंग में हिस्सा लेती हैं. वहीं सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम और जीसस एंड मैरी समेत कई बड़े कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में हिस्सा नहीं लेते हैं. अरुण जेटली, विजय गोयल, अजय माकन, अलका लांबा जैसे दिग्गज नेता दिल्ली यूनिवर्सिटी में राजनीति करने के बाद ही केंद्र की राजनीति में पहुंचे हैं.