PTI
Read More
---विज्ञापन---
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के 31 वर्षीय शख्स की हत्या कर उसका शव गुरुग्राम के नाले में फेंकने के आरोप में उसकी पूर्व सहकर्मी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस ने सरिता विहार निवासी युवराज सिंह मनचंदा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतक की पूर्व सहकर्मी आन्या वत्स और उसके सहयोगी संयम सचदेवा के तौर पर की है.
पुलिस के मुताबिक, युवराज को आखिरी बार देखे जाने के पांच दिन बाद 11 सितंबर को उनकी बहन ने लाजपत नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. छह सितंबर को युवराज अपनी बहन के साथ लाजपत नगर के सेंट्रल मार्केट में खरीदारी करने गए थे और बाद में लाजपत नगर-द्वितीय स्थित ‘गोल्डन ड्रैगन’ रेस्तरां गए. वह शाम करीब चार बजे वह यह कहकर रेस्तरां से निकले कि उन्हें गुरुग्राम में किसी से मिलना है और वह रात करीब 10 बजे तक घर लौट आएंगे.
यह भी पढ़ें : ‘फ्रेंड’ से मिलने गई नाबालिग से गैंगरेप, चाकू घोंपकर शव खेत में फेंका; टेम्पो से खुला राज
पुलिस ने बताया कि जब वह नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो उनके परिवार ने उनका पता लगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया. जांच के दौरान पता चला कि युवराज की आखिरी बार बात उनकी पूर्व सहकर्मी वत्स के साथ हुई थी और उन्होंने अपने परिवार को बताया था कि वह उससे मिलने गुरुग्राम जा रहे हैं. इसके बाद दोनों के फोन बंद हो गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और युवराज तथा संदिग्ध के कार्यालयों में पूछताछ की.
पुलिस ने बताया कि इसके बाद वत्स एक मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आई और उस पर निगरानी रखी गई. पुलिस ने उसके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक नए मोबाइल नंबर का पता लगाया और उसके उत्तराखंड में उसकी मौजूदगी का संकेत मिला. पुलिस की एक टीम उत्तराखंड भेजी गई, जहां वत्स और सचदेवा का सुराग लगाकर उन्हें पकड़ लिया गया.
यह भी पढ़ें : जिस होटल में ठहरी थी गर्लफ्रेंड, उसी में किया चेक-इन; फिर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर ले ली जान
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उन्होंने युवराज की हत्या कर दी थी और उसके शव को गुरुग्राम में अपने घर के पास एक नाले में फेंक दिया था. गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाले से 10 सितंबर को एक अज्ञात शव बरामद हुआ था. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
न्यूज 24 पर पढ़ें क्राइम, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।