Rohit Sharma Replacement: भारतीय टीम के दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जिसके बाद सिलेक्शन कमिटी के सामने क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में कप्तान चुनने की समस्या है। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमिटी को टेस्ट फॉर्मेट में नेशनल टीम के लिए एक नया कप्तान और एक उप-कप्तान चुनना है, खासकर तब जब रोहित के डिप्टी जसप्रीत बुमराह ने कथित तौर पर खुद को कप्तानी की रेस से बाहर कर लिया है। बुमराह रोहित की जगह लेने के लिए परफेक्ट दिख रहे थे, लेकिन उनकी चोट के रिकॉर्ड ने सिलेक्टर्स को इस पद के लिए किसी दूसरे खिलाड़ी के नाम पर विचार करने पर मजबूर कर दिया है।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल टीम की कमान संभालने के लिए फेवरेट दिख रहे हैं। हालांकि भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर चाहते हैं कि बुमराह को कमान सौंपी जाए। उन्होंने ‘स्पोर्ट्स टुडे’ से बात करते हुए कहा, ‘खुद से बेहतर कौन जान सकता है कि उसका वर्कलोड क्या है? अगर आप किसी और को कप्तान बनाते हैं तो वो हमेशा बुमराह से एक एक्सट्रा ओवर करवाना चाहेंगे। अगर वह आपका नंबर 1 गेंदबाज है, तो वह खुद जानता होगा कि उसे कब ब्रेक लेना चाहिए। मेरे लिए यह केवल बुमराह ही हो सकते हैं। मैं उनके वर्कलोड और इस तरह की सभी अटकलों को जानता हूं। उन्हें खुद तय करने दें कि उन्हें कितने ओवर गेंदबाजी करनी है, ताकि वह जान सके कि कितने ओवर गेंदबाजी करनी है, कब आराम करना है और कब आराम नहीं करना है। यह सबसे अच्छी बात होगी।’
चोट की वजह से चैम्पियंस ट्रॉफी नहीं खेल पाए बुमराह
बता दें कि बुमराह ने टीम इंडिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र जीत दिलाई थी। हालांकि सिडनी में खेले गए टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में उन्हें चोट लग गई। यह चोट इतनी गंभीर थी कि बुमराह इस साल चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत के लिए नहीं खेल पाए। यही वजह है कि बीसीसीआई बुमराह के वर्कलोड को लेकर सतर्क है। लेकिन, गावस्कर बोर्ड के रुख और गिल को तरजीह देने के पीछे के कारण से सहमत नहीं हैं।
20 जून से शुरू होगा भारत का इंग्लैंड दौरा
उन्होंने कहा, ‘बुमराह को शायद कोई टेस्ट मैच मिस न करना पड़े। अगर आप उसे यह जिम्मेदारी देते हैं, तो वह जान सकता है कि कब रुकना है। मेरे हिसाब से उसे यह जिम्मेदारी दे दीजिए। पहले टेस्ट के बाद आठ दिन का गैप होता है, जो रिकवर होने के लिए पर्याप्त समय होता है।’ बता दें कि भारत का इंग्लैंड का दौरा 20 जून से शुरू हो रहा है और बीसीसीआई अगले सप्ताह में भारत के टेस्ट कप्तान की घोषणा कर सकता है।