IPL 2026, Sunrisers Hyderabad: 28 मार्च से आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज होने वाला है और पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी. वहीं, टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. श्रीलंका के स्टार युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा को आईपीएल 2026 में खेलने की मंजूरी मिल गई है. उन्हें बोर्ड से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलिंगा 24 मार्च (मंगलवार) को SRH टीम से जुड़ जाएंगे.
ईशान मलिंगा को मिली IPL 2026 में खेलने की मंजूरी
25 साल के ईशान मलिंगा एक बेहद खतरनाक तेज गेंदबाज माने जाते हैं. पिछले सीजन में उन्होंने खेले 7 मैचों में 13 विकेट लेकर सबको चौंका दिया था. आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. हाल ही में वह चोट से जूझ रहे थे, लेकिन अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें फिटनेस क्लीयरेंस दे दिया है. यानी अब वह IPL में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
SRH के पास विदेशी तेज गेंदबाजों में फिलहाल सिर्फ दो ही बड़े नाम हैं, कप्तान पैट कमिंस और ईशान मलिंगा. कमिंस चोट के कारण शुरुआती कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, ऐसे में मलिंगा को शुरुआती मैचों के प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मलिंगा 24 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ेंगे और हैदराबाद पहुंचकर टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू करेंगे. हालांकि, बाकी श्रीलंकाई खिलाड़ियों को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: RCB की प्लेइंग 11 में इन 10 खिलाड़ियों के नाम पक्के! एक पोजीशन को लेकर 2 खिलाड़ियों में ‘जंग’
हसरंगा और पथिराना पर सस्पेंस बरकरार
दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने फैसला किया है कि आईपीएल 2026 में खेलने वाले खिलाड़ियों को पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा और उसके बाद ही वे टूर्नामेंट में खेल सकते हैं. ईशान मलिंगा के साथ श्रीलंका के बल्लेबाज कामिंदु मेंडिस भी SRH टीम में शामिल होंगे, जिन्हें पहले ही NOC मिल चुका है. लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिनर वानिंदु हसरंगा और कोलकाता नाइट राइडर्स के पेसर मथीशा पथिराना के खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है.
हसरंगा और पथिराना फिटनेस टेस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं, इसलिए IPL में उनकी एंट्री में देरी हो सकती है. फिलहाल KKR पथिराना के फिट होने का इंतजार करना चाहती है, बजाय रिप्लेसमेंट को लाया जाए. वहीं, हसरंगा को लेकर अभी कोई अपडेट नहीं मिला है. इन दोनों के अलावा, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) नुवान तुषारा की फिटनेस पर भी कोई अपडेट नहीं आया है.










