PAK vs BAN 3rd T20I: आईपीएल 2025 में जहां एक तरफ क्वालीफायर 2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया, तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ने सीरीज के आखिरी मैच में बांग्लादेश को हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा किया। आखिरी मैच में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद हारिस ने बांग्लादेश के गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए शानदार शतक लगाया। अपनी पारी में मोहम्मद हारिस ने 7 छक्के लगाए थे।
मोहम्मद हारिस का शानदार शतक
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में 6 विकेट खोरल 196 रन बनाए थे। बांग्लादेश की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए परवेज हौसेन ने 34 गेंदों पर सबसे ज्यादा 66 रनों की पारी खेली थी। जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसके अलावा तंजीद हसन ने 42 रन बनाए थे। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी करते हुए हसन अली और अब्बास अफरीदी ने 2-2 विकेट चटकाए थे।
इसके बाद पाकिस्तान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए इस लक्ष्य को 17.2 ओवर में 3 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया था। जिसमें मोहम्मद हारिस ने अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान की तरफ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मोहम्म हारिस ने महज 46 गेंदों पर 107 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान हारिस के बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले और उनका स्ट्राइक रेट भी 232.61 का रहा। उनकी इस शानदार पारी के चलते मोहम्मग हारिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हारिस के अलावा सैम अयूब ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 45 रन की पारी खेली थी।
पाकिस्तान ने सीरीज में बांग्लादेश का किया सूपड़ा साफ
बांग्लादेश के लिए ये पाकिस्तान का दौरा बेहद खराब रहा है। इस दौरे पर खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज में बांग्लादेश की टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई। पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया है।