Pakistan vs Australia 3rd T20I: पाकिस्तान ने टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 111 रनों से करारी मात दी. रविवार, 1 फरवरी को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 208 रनों का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में कंगारू टीम सिर्फ 96 रन पर ही सिमट गई. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को क्लीन स्वीप कर 3-0 से टी20 सीरीज अपने नाम कर ली. इस मैच में पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नावाज ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए. वहीं, बल्लेबाजी में पाकिस्तान के लिए बाबर आजम और सैम अयूब ने अर्धशतक जड़ा.
बाबर आजम और सैम अयूब ने खेली अर्धशतकिय पारी
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. लेकिन पाकिस्तानी टीम को दूसरे ओवर में ही पहला झटका लगा और फखर जमान सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान सलमान अली आगा भी महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, सैम अयूब एक छोर पर टिके रहे और शानदार अर्धशतक जड़ा. अयूब ने 37 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 56 रन बनाए. उन्होंने बाबर आजम के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की.
वहीं, बाबर 36 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के के साथ नाबाद 50 रन बनाए. इसके अलावा, शादाब खान ने 19 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्के लगाकर 46 रन जोड़े. इन धमाकेदार पारियों की मदद से पाकिस्तान ने अपनी 20 ओवर की पारी में 6 विकेट खोकर 207 रनों का स्कोर खड़ा किया. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन ड्वारशुइस ने 4 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि मैथ्यू कुह्नमैन, मैथ्यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और कैमरून ग्रीन ने 1-1 विकेट लिया.
ये भी पढ़ें- भारत में पाकिस्तानी ‘मूल’ के क्रिकेटर्स का हुआ जोरदार स्वागत, PCB समेत हर पाक क्रिकेटर को लगेगी मिर्ची
मोहम्मद नवाज ने झटके 5 विकेट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई और लगातार विकेट गिरते चले गए. दो ओवर के अंदर कप्तान मिचेल मार्श मात्र 1 रन और मैथ्यू शॉर्ट सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद कैमरून ग्रीन 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके अलावा, मार्कस स्टोइनिस ने 23 रन और जोश फिलिप ने 14 रन बनाए. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए, जबकि एडम जैम्पा पेट में दर्द के कारण बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे.
पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने कंगारू बल्लेबाज बेबस नजर आए और पूरी टीम 16.5 ओवर में सिर्फ 96 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. वहीं, पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा, शाहीन अफरीदी ने 2 विकेट, जबकि अबरार अहमद और नसीम शाह ने 1-1 विकेट लिया.










