India vs England 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। मैच में तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है लेकिन दोनों टीमें अभी भी बराबरी पर दिखाई दे रही है। जहां पहली पारी में इंग्लैंड ने 387 रन बनाए थे तो वहीं टीम इंडिया की भी पहली पारी में 387 रनों पर सिमट गई। इसके बाद इंग्लैंड को तीसरे दिन 1 ओवर खेलने का मौका मिला। जिसमें जमकर ड्रामा देखने को मिला। इस ओवर में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को देखकर लग रहा था कि वे जानबूझकर मैच को स्लो कर रहे हैं। जिससे भारतीय खिलाड़ी भी थोड़े गुस्से में नजर आए, वहीं इस आखिरी ओवर के ड्रामे को लेकर केएल राहुल का बड़ा बयान सामने आया है।
आखिरी ओवर को लेकर क्या बोले केएल राहुल?
मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया 2 या 3 ओवर डाल सकती थी, लेकिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज कुछ और ही सोचकर आए थे। वे चाहते थे कि भारत को महज एक ही ओवर डालने का मौका मिले और ऐसा हुआ भी। टीम इंडिया की तरफ से दिन का आखिरी ओवर जसप्रीत बुमराह ने डाला था, जिसमें जैक क्रॉली ने मैच को स्लो करने की पूरी कोशिश की और उसमें वे कामयाब भी हुए। वहीं इस ओवर में हुए ड्रामे को लेकर केएल राहुल ने बताया “ये खेल का एक हिस्सा है। एक सलामी बल्लेबाज के रूप में, मैं समझ सकता हूं कि अंतिम 5 मिनट में क्या हुआ?”
तीसरे दिन के आखिरी में जसप्रीत बुमराह का सामना जैक क्रॉली ने किया। क्रॉली ने बुमराह की सभी 6 गेंदे खेली, जिसमें उन्होंने 2 रन बनाए। अब इंग्लैंड के पास 2 रनों की बढ़त है।
भारत ने बनाए 387 रन
पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया भी 387 रन ही बना पाई। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल ने शानदार शतक लगाया, इसके अलावा ऋषभ पंत ने 74 और रवींद्र जडेजा ने 72 रनों की पारी खेली थी। वहीं टीम इंडिया आखिरी विकेट वाशिंगटन सुंदर के रूप में गिरा था। वाशिंगटन ने 23 रनों की पारी खेली थी।