India vs Australia 5th Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का पांचवां मैच सिडनी में 3 जनवरी से खेला जाएगा। फिलहाल सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम 2-1 से आगे है। वहीं अब टीम इंडिया के लिए सिडनी टेस्ट जीतना बेहद अहम हो गया है। डब्ल्यूटीसी फाइनल की रेस में बने रहने के लिए टीम इंडिया सिडनी में होने वाले पिंक टेस्ट को जीतना चाहेगी। वहीं दूसरी तरफ मेलबर्न टेस्ट जीतने के बाद से ऑस्ट्रेलिया के हौंसले बुलंद है। अब सिडनी टेस्ट को जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम सीरीज को 3-1 से अपने नाम करना चाहेगी। वहीं सिडनी टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये 2 खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का चौथा टेस्ट मेलबर्न में खेला गया था। इस मैच को ऑस्ट्रेलिया ने 184 रन से जीत लिया था। वहीं इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को थोड़ा दिक्कत में देखा गया था। स्टार्क पीठ के दर्द से जूझ रहे हैं, फिलहाल उनके सिडनी टेस्ट में खेलने पर संशय बना हुआ है। दूसरी तरफ टीम के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श को भी सिडनी टेस्ट से बाहर किया जा सकता है, क्योंकि उनका प्रदर्शन इस सीरीज में कुछ खास नहीं रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने खुलासा किया कि इस तेज गेंदबाज को पीठ में समस्या है। रिपोर्टों में दावा किया गया था कि स्टार्क को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला 2 जनवरी या मैच के पहले दिन ही किया जाएगा।
सिडनी टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
सैम कोंस्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड, झाई रिचर्डसन।