Gambhir Bumrah: हेडिंग्ले में मिली हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने भारतीय फैन्स को एक और बड़ा झटका दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसप्रीत बुमराह को लेकर दिए गए अपडेट से हर क्रिकेट प्रेमी निराश हो गया है। इसके साथ ही नए टेस्ट कैप्टन शुभमन गिल भी टेंशन में आ गए हैं। पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड का प्रदर्शन जोरदार रहा। इंग्लिश टीम ने भारत से मिले 371 रनों के लक्ष्य को हंसते-खेलते हुए सिर्फ 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चौथी इनिंग में भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरसते हुए नजर आए।
बुमराह पर गंभीर का बड़ा अपडेट
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को लेकर बड़ा अपडेट दिया। गंभीर ने बताया कि बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ सभी पांच टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। कोच ने कहा कि जस्सी सिर्फ 3 ही टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे, जबकि 2 मुकाबले भारतीय टीम उनके बिना ही खेलेगी। पहले टेस्ट मैच में बुमराह इकलौते ऐसे गेंदबाज रहे, जो कुछ हद तक लय में दिखाई दिए थे। जस्सी ने पहली इनिंग पांच विकेट अपनी झोली में डाले थे। बुमराह को छोड़कर बाकी गेंदबाज विकेट निकालना तो छोड़िए रनों पर लगाम तक लगाने में नाकाम रहे थे। हालांकि, गंभीर ने यह साफ नहीं किया है कि बुमराह बचे हुए 4 में से किन दो टेस्ट मैचों में टीम का पार्ट होंगे।
विकेट के लिए तरसे भारतीय गेंदबाज
भारतीय गेंदबाज चौथी पारी में विकेट के लिए तरसते हुए दिखाई दिए। टीम इंडिया को पहला ही विकेट 42 ओवर के बाद नसीब हुआ। जैक क्राउली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 188 रनों की पार्टनरशिप जमाई। क्राउली-डकेट की साझेदारी ने ही टीम इंडिया को मैच से पूरी तरह से बाहर कर दिया। 19 ओवर डालने के बावजूद बुमराह एक विकेट तक नहीं निकाल सके। वहीं, सिराज की भी झोली खाली रह गई। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में यह पहला मौका है जब बल्लेबाजों द्वारा पांच शतक लगाने के बावजूद किसी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है। यह शर्मनाक रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम अब दर्ज हो गया है।