Pat Cummins: IPL 2026 की शुरुआत में अब सिर्फ दो दिन का समय बाकी है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला मैच होगा. 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में यह मैच होने वाला है. इस मुकाबले से ठीक पहले SRH के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस की मैदान पर वापसी हो गई है. IPL 2026 के लिए कमिंस भारत आ चुके हैं और SRH ने इसका वीडियो भी पोस्ट किया है. पैट न सिर्फ भारत आए, बल्कि आते ही उन्होंने मैदान पर पसीना बहाकर वापसी की तैयारियां भी शुरू कर दीं.
मैदान पर लौटे पैट कमिंस
SRH के कप्तान पैट कमिंस चोटिल होने के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा नहीं बन पाए. कमर की चोट से परेशान पैट IPL तक भी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. लग रहा था कि वो ऑस्ट्रेलिया में रहकर ही वापसी की तैयारी करेंगे लेकिन IPL 2026 से पहले वो भारत आ गए हैं.
SRH ने शानदार वीडियो पोस्ट करते हुए उनका स्वागत किया. बाद में अभ्यास सत्र से जुड़ी कमिंस की कुछ तस्वीरें भी सामने आई, जिनमें वो हल्का अभ्यास कर रहे हैं. कमिंस वापसी के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं लेकिन उनका मैदान पर लौटकर अभ्यास शुरू करना अच्छे संकेत हैं. बता दें कि पैट की गैरमौजूदगी में ईशान किशन SRH की कप्तानी करेंगे.
ये भी पढ़ें:- IPL 2026 के पहले मैच में ऐसी होगी RCB की प्लेइंग 11! सात करोड़ का स्टार खिलाड़ी बैठ सकता है बाहर
पैट कमिंस ने दिया वापसी का आश्वासन
पैट कमिंस ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी वापसी को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि वो शुरुआती कुछ मैच मिस करेंगे और चीजें प्लान के हिसाब से गईं, तो आधे टूर्नामेंट में SRH के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. उन्होंने कहा, ‘मैं अभी भी चोट से ठीक हो रहा हूं. मैं नेट्स में वापस आ गया हूं. IPL शुरू होने वाला है. मैं शुरुआती मैचों का हिस्सा नहीं रहूंगा लेकिन मैं जल्द ही खेलते हुए नजर आऊंगा. मैं हर तीसरे दिन गेंदबाजी करने लगा हूं. हमने कमबैक के लिए एक प्लान तैयार किया है और उम्मीद है कि कुछ गलत नहीं होगा और मैं टूर्नामेंट के बीच वापसी कर लूंगा.’
ये भी पढ़ें:- IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए पहला मैच नहीं खेलेंगे ये 5 खिलाड़ी! LSG के खिलाफ बैठना पड़ सकता है बाहर










