रेस्टोरेंट, दुकानें, घर कुछ नहीं बचा, लोगों ने रो-रोकर सुनाई आपबीती, रामबन में अब कैसे हैं हालात?

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में लगातार बारिश और बादल फटने की वजह से कई घर पूरी तरह से तबाह हो गए। इस आपदा में मासूम बच्चों समेत कई लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव अभियान तेजी से जारी है। जानिए अब वहां के हालात कैसे हैं?

Jammu Kashmir Ramban landslide

(पंकज शर्मा)

रामबन में कुदरत की तबाही की शुरुआत 19 तारीख की रात 1 बजे से ही हो गई। 2 बजे बारिश का विकराल रूप देखने को मिला और 3:30 बजे सुबह 14 किलोमीटर तक का पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया। मंजर इतना भयानक था कि सुबह सूरज की पहली किरण के बाद से ही लोग रोते-चिल्लाते आसपास के इलाकों में मदद के लिए पहुंचे। हर तरफ ताश के पत्तों की तरह घर, गाड़ियां बहते देख हर कोई सिर्फ यही कह रहा था कि बारिश अब रुक जाए, लेकिन न बारिश रुकी न मलबे को जेसीबी हटा पाई। जितनी बार जेसीबी मलबे को हटाने का काम कर सड़क को साफ करने की कोशिश कर रही थी, उतनी बार बारिश काम को रोक दे रही थी।

लोगों ने रो-रोकर सुनाई आपबीती

न्यूज24 के कैमरे पर लोगों ने रो-रोकर अपना दुख बयां किया। यही नहीं, लोगों के हाथ में बर्तनों में चावल और मलबा एक साथ देख किसी की आंखों में आंसू आ जाएंगे। यहां पर लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों की हालत कुछ समझने की रही ही नहीं कि चंद घंटों की बारिश ने सब कुछ तहस-नहस कैसे कर दिया। इस त्रासदी को देख कश्मीर घूमने आए लोग भी सहम चुके थे। पहाड़ियों से बारिश के पानी के साथ इतना मलबा और पत्थर कहां से आए? इस बात को कोई समझ ही नहीं पा रहा था। रेस्टोरेंट, दुकानें, घर, झुग्गियां, सड़कें, गलियां कुछ भी नहीं बचा। सब कुदरत की तरफ से आई इस आपदा में सिमट गया।

अभी भी फंसे हैं लोग

जम्मू-कश्मीर हाईवे पर रामबन जिले में छोटी और बड़ी गाड़ियां मिलाकर करीब 720 गाड़ियां फंसी हुई हैं और भारी तादाद में यात्री फंसे हैं। इस तबाही के बाद का मंजर ऐसा है कि सिर्फ स्थानीय लोग इसकी चपेट में नहीं आए। देशभर से घूमने आए लोग, जो कश्मीर से जम्मू और जम्मू से कश्मीर जाने वाले थे, इस त्रासदी की चपेट में आए। नेशनल हाइवे पर हर तरफ फंसी गाड़ियों की लाइन दिख रही है, जहां पर लोगों को खाने-पीने को भी कुछ नहीं मिल रहा है। वहीं, सेना और प्रशासन ने जगह-जगह पर लंगर लगाए हैं, जिसमें पर्यटकों और स्थानीय सफर करने वाले लोगों की मदद मिल सके। मौसम को देखते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। अब तक इसमें 3 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shabnaz

Shabnaz

शबनाज़ खानम एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो वर्तमान में न्यूज़24 में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इंडिया डेली लाइव, ज़ी न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में विभिन्न पदों पर ज़िम्मेदारियां निभाई हैं। शबनाज़ ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। उन्हें डिजिटल और टीवी दोनों में काम करने का 5 साल का अनुभव प्राप्त है और वे अपने संपादन कौशल, बारीक नज़र और विस्तृत कहानी को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती हैं। काम के अलावा, उन्हें सिनेमा और लाइफस्टाइल पर बातचीत करना बेहद पसंद है, जो उनकी कहानी कहने की गहरी रुचि को दर्शाता है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ