Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

‘सिर्फ शेर ही पिंजरे में बंद होते हैं…’, महागठबंधन की रैली में दहाड़े तेजस्वी यादव

India Alliance Mega Rally In Delhi Ramlila Maidan : देश में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली हुई। इस रैली में विपक्षी दलों के दिग्गज नेता एकजुट नजर आए।

Author
Edited By : Deepak Pandey Updated: Mar 31, 2024 15:39
Tejashwi Yadav
रामलीला मैदान में तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की रैली को किया संबोधित।

India Alliance Mega Rally Live Update In Delhi Ramlila Maidan : देश में लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने तरीके से चुनाव प्रचार में जुटी हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली हुई, जिसमें काफी तादात में भीड़ जुटी है। इस रैली का नाम ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रखा गया है। विपक्षी नेता मंच पर एकजुट दिखे और उन्होंने जनसभाओं को संबोधित किया।

चुनावी में मैच फिक्सिंग का लक्ष्य : राहुल गांधी

---विज्ञापन---

राहुल गांधी ने कहा कि मैच फिक्सिंग का एकमात्र लक्ष्य, हिंदुस्तान की जनता के हाथ से संविधान छीनना है। मीडिया खरीदा जा सकता है, लेकिन आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं खरीद सकते। दुनिया की कोई ताकत हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकती है। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि विपक्ष चुनाव न लड़ पाए. इसलिए इलेक्शन कमीशन में अपने लोग बिठाए, दो मुख्यमंत्री को जेल में डाला, कांग्रेस के बैंक अकाउंट बंद कर दिए, न्यायपालिका पर दबाव डाल रहे हैं। ये सब इसलिए कि मैच फिक्स हो, संविधान रद्द किया जाए और नरेंद्र मोदी सत्ता में रहें। हमारे दो खिलाड़ियों को जेल में डाल दिया।

संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी : शरद पवार

शरद पवार ने कहा कि इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र पर हमला है और संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी है।

इंडिया गठबंधन को नहीं छोड़ेंगे

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे गिरफ्तार किए गए सभी नेता तभी आजाद होंगे जब आप सभी संविधान को थाम लेंगे। चुनाव में वो बटन दबाएं जो इस सरकार को हटा दे। हम सबको एक साथ आना होगा और साथ चलना होगा। हम इस गठबंधन को कभी नहीं छोड़ने वाले हैं।

अगर आप 400 सीट जीत रहे हैं तो नेता से क्यों डरते हैं : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग ‘400 पार’ का नारा दे रहे हैं। अगर आप 400 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे हैं तो आप नेता से क्यों डरते हैं। आपने चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा है, न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया इसकी आलोचना कर रही है। बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन यह ब्रह्मांड की सबसे बड़ी झूठी पार्टी है। अगर उन्हें सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और आईटी का उपयोग करना है, तो वे 400 जीतेंगे नहीं बल्कि 400 हारेंगे। भाजपा ने ईडी और सीबीआई का उपयोग करके सबसे अधिक धन जुटाया है।

महागठबंधन की रैली में क्या बोले तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ईडी, सीबीआई और आईटी बीजेपी की कोशिकाएं हैं। लालू को कई बार परेशान किया गया है, मेरे खिलाफ केस हुए हैं। मेरी मां, मेरी बहनें, मेरे जीजा, मेरे पिता के सभी रिश्तेदार के खिलाफ मामले थे। हमारे कई नेताओं पर इस समय छापे पड़ रहे हैं। ईडी, आईटी के छापे चल रहे हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं, हम संघर्ष करेंगे। केवल शेर ही पिंजरे में बंद होते हैं। हम सभी शेर हैं। हम आपके लिए लड़ रहे हैं।

इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी, है और रहेगी TMC 

टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि टीएमसी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी, है और रहेगी। यह भाजपा बनाम लोकतंत्र की लड़ाई है।

देश में नहीं चलेगी तानाशाही : कल्पना सोरेन

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि मैं देश की 50 प्रतिशत महिला आबादी और 9 प्रतिशत आदिवासी समुदाय की आवाज बनकर आपके सामने खड़ी हूं। आज इस ऐतिहासिक मैदान में ये सभा इस बात की गवाही दे रही है कि आप सभी देश के हर हिस्से से आए हैं। देश से तानाशाही नहीं चलेगी।

सुनीता ने सीएम केजरीवाल का पढ़ा संदेश

सुनीता केजरीवाल ने संदेश पढ़ते हुए कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूरे देश की बात की। उन्होंने देश को 6 गारंटी देने का किया वादा।

  1. पूरे देश में पानी के इंतजाम
  2. पूरे देश में फ्री बिजली
  3. शानदार सरकारी स्कूल
  4. मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक और जिले स्तर के अस्पताल
  5. किसान को MSP पर मुआवजा
  6. दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा

सुनीता केजरीवाल ने महारैली को किया संबोधित

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने इंडिया गठबंधन की रैली में कहा कि केजरीवाल ने जेल से आपके लिए एक संदेश भेजा है। इस संदेश को पढ़ने से पहले मैं आपसे कुछ पूछना चाहती हूं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या प्रधानमंत्री ने सही काम किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देशभक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? ये भाजपा वाले कह रहे हैं कि केजरीवाल जेल में हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। क्या उन्हें इस्तीफा देना चाहिए? आपका केजरीवाल शेर है, वे उसे ज्यादा दिनों तक जेल में नहीं रख पाऊंगा।

तीनों पूर्व सीएम नजरबंद हैं : महबूबा मुफ्ती

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने रामलीला मैदान में महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश कठिन दौर से गुजर रहा है। लोगों को बिना किसी जांच के जेल में डाला जा रहा है। यह ‘कलयुग का अमृत काल’ है। मैं” उमर खालिद या मोहम्मद जुबैर के बारे में बात नहीं कर रहा हूं, मैं आपके चुने हुए प्रतिनिधियों के बारे में बात कर रहा हूं। यह मेरे लिए आश्चर्य की बात नहीं है। मैं, फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला तीनों पूर्व सीएम नजरबंद हैं।

अबकी बार, भाजपा तड़ीपार का दिया नारा

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन को संबोधित करते हुए कहा कि जब दो बहनें लड़ रही हैं तो भाई कैसे पीछे रह सकते हैं। उन्होंने अबकी बार, भाजपा तड़ीपार का नारा दिया।

ये नेता पहुंचे

राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, शरद पवार, सीताराम येचुरी, संजय राउत, डेरेक ओ ब्रायन मंच भी पहुंचे। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती इंडिया अलायंस की ‘महारैली’ में शामिल होने के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंच गई हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल रामलीला, झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मैदान पहुंच गई हैं। सीपीएम की नेता वृंदा करात, पीडीपी प्रमुख महबूब मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला, आरएलडी नेता सुनील सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंच पर पहुंच गए हैं।

एक मंच पर दिखे विपक्षी दलों के नेता

विपक्षी दलों की तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के नेता जुट गए। इसे लेकर कांग्रेस का कहना है कि यह किसी व्यक्ति विशेष या एक पार्टी की नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन की मेगा रैली है।

वादों को पूरा करने में विफल रही मोदी सरकार

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सुनीता केजरीवाल रैली में अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ेंगी। मोदी सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही। झूठे वादे किए गए। आज यहां हुंकार जनता तक पहुंचेगी। लोकसभा चुनाव में जनता जवाब देगी। केजरीवाल की गिरफ्तारी यह दर्शाती है की भाजपा डरी है।

First published on: Mar 31, 2024 08:21 AM

संबंधित खबरें