Andhra Pradesh bus accident: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में गुरुवार सुबह हुए हैदराबाद से पामुरु जा रही एक प्राइवेट बस रायवरम के पास पलाला खदान क्षेत्र में प्लेट खदानों के मोड़ पर तेज रफ्तार टिप्पर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत भीषण आग लग गई और बस आग का गोला बन गई. इस हादसे में 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए. मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं.
हादसा कैसे हुआ?
सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच बस प्लेट खदानों के मोड़ पर पहुंची ही थी कि तेज गति से आ रहे टिप्पर ने उससे सीधी टक्कर मार दी. बस में उस समय 40 से ज्यादा यात्री सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिप्पर चालक की अत्यधिक तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह बनी. टक्कर के बाद बस और टिप्पर दोनों में एक साथ आग भड़क उठी. बस के अगले हिस्से में बैठे कुछ यात्री किसी तरह बच निकले या कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन पीछे की सीटों पर बैठे यात्री आग की चपेट में फंस गए और बस के अंदर ही जलकर राख हो गए. बस पूरी तरह से जल गई और केवल उसका लोहे का कंकाल बचा रह गया. ज्यादातर मृतक कनिगिरी इलाके के बताए जा रहे हैं.
शवों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी. तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया. मार्कापुरम विधायक कंडुला नारायण रेड्डी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की.










