Live Updates
जम्मू-कश्मीर में आया भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के बारामूला में शुक्रवार की रात 9:06 बजे रिक्टर स्केल पर 4.0 की तीव्रता वाला भूकंप आया।
राजस्थान में पतंगबाजी के दौरान दो बच्चों की मौत
राजस्थान के बारां में पतंगबाजी के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। बोरिना गांव कपिथ और सेवन नाम के 14-15 वर्ष के दो बच्चे पतंगबाजी के दौरान अपनी फंसी पतंग को सरिए से उतार रहे थे। इसी दौरान सरिया लाइट तार से भिड़ गया, जिससे लाइट से दोनों की मौत हो गई। सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
जयराम रमेश ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए आज शाम हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव।
गुजरात के राजकोट में स्कूल बस हादसा
गुजरात में राजकोट के कलावड़ रोड पर दानकोट पाटिया के पास इनोवेटिव स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस एक खंभे से टकरा गई, जिसके बाद बस के अंदर बैठे टीचर्स और बच्चे घायल हुए। बस ने एक एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। घायल छात्रों और शिक्षकों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
संसद के बाहर आत्मदाह करने वाले की मौत
दिल्ली में संसद भवन के पास खुद को आग लगाकर आत्मदाह करने वाले जितेंद्र की गुरुवार रात को मौत हो गई। 25 दिसंबर को उसने संसद भवन के पास रेलवे भवन के सामने खुद को आग लगा ली थी, जिसमें वह 95 फीसदी तक झुलस चुका था। उसका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था, लेकिन 2 दिन से उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। बीती रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वंदे भारत ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश!
वंदे भारत ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश रची हुई है। राजस्थान में बूंदी के पास बड़ा हादसा हो सकता था। कोटा रेल मंडल में बूंदी-तालेड़ा स्टेशनों के बीच वंदे भारत ट्रेन लोहे के टुकड़े से टकराते-टकराते बच गई। पटरी पर रखा मिला टुकड़ा टाइबार फेंसिंग का था। ट्रेन चालक ने समय रहते उसे देख लिया और ट्रेन रोक कर निरीक्षण किया। फेंसिंग के टुकड़े को पटरी से हटाने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। घटना की जांच के आदेश रेल मंत्रालय ने दिए है।
आतंकी हाफिज अब्दुल रहमान मक्की की मौत
पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी हाफिज अब्दुल रहमान मक्की की मौत हो गई थी। वह लश्कर का डिप्टी चीफ था और वर्तमान में पाकिस्तान में छिपकर रह रहा था। आज सुबह दिल का दौरा पड़ने की वजह से मक्की की मौत होने की खबर सामने आई।
बारामूला में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। बारामूला के हेवन शेरी इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है, क्योंकि सुरक्षाबलों को इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने का इनपुट मिला है।
स्वामित्व संपत्ति कार्ड बांटने का कार्यक्रम रद्द
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण केंद्र सरकार ने शुक्रवार को होने वाले अपने सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए हैं। PM नरेंद्र मोदी की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 10 राज्यों के 50 हजार गांवों में 58 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड बांटने का कार्यक्रम भी रद्द हो गया है। शुक्रवार सुबह हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ये फैसला लिया गया।
आगरा में मिले सोने-चांदी के सिक्के
आगरा में गौशाला निर्माण की जमीन को ट्रैक्टर से समतल करने के दौरान सोने चांदी के सिक्के मिले हैं, जो ब्रिटिश हुकूमत के दौरान के बताए गए हैं। मटके में मिले सिक्कों को गौशाला निर्माण करने वाले ठेकेदार और ग्रामीणों द्वारा छुपाने का आरोप है। जानकारी होने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को शिकायत दी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। थाना बसई अरेला क्षेत्र के प्राचीन चामुंडा मंदिर का मामला है।
जयपुर में स्कूल बस पुलिया से टकराई
राजस्थान के जयपुर में चौमूं के NH 52 भोजलावा कट पर शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस के ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया में घुस गई। हादसे में 6 स्टूडेंट्स सहित 8 लोग घायल हुए हैं। बस में करीब 30 से अधिक बच्चे सवार थे। लोगों की मदद से गंभीर घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। स्कूल बस सारांश कोचिंग इंस्टीट्यूट की बताई जा रही है।
BSF के हेड कॉन्स्टेबल ने सुसाइड किया
भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात BSF के हेड कॉन्स्टेबल ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। मृतक कृष्ण कुमार (44) होशियारपुर (पंजाब) के निवासी थे। 173वीं बटालियन के कृष्ण कुमार शाहगढ़ एरिया में भानु सीमा चौकी पर पोस्टेड थे। वे 24 साल से BSF में थे। शाहगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम ने बताया कि सुसाइड के कारणों की जांच की जा रही है। शव को रामगढ़ हॉस्पिटल में रखवाया गया है।
यमन में बमबारी में बाल-बाल बचे WHO प्रमुख
यमन में एयरपोर्ट पर हुई बमबारी में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस बाल-बाल बच गए। विमान में सवार होते समय हमला हुआ। वहीं इस हमले में 2 लोगों की मौत होने की भी खबर सामने आ रही है। टेड्रोस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हमारी टीम यमन में स्वास्थ्य और मानवीय स्थिति का आकलन करने और बंदियों की रिहाई के लिए बातचीत करने का मिशन पूरा कर चुकी थी। हम सना से उड़ान भरने वाले थे, जब हवाई अड्डे पर बमबारी हुई।
सूरत में गैस लीक से 4 घायल
गुजरात के सूरत के गोडादरा इलाके में गैस लीक होने से लगी आग में 4 लोग घायल हो गए हैं। खुदाई के दौरान गैस लीक हुई और अचानक से आग लग गई। भूमिगत केबल बिछाने के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन में दरार आने से अचानक आग लगी। आग लगने से 4 लोग झुलस गए और 5 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। यह घटना गोडादरा सिनेमा रोड पर हुई। घायलों में एक ही परिवार के 4 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 2 बच्चे और उनके माता-पिता शामिल हैं। माता-पिता को मामूली चोटें आईं, जबकि बच्चे ज़्यादा गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इजराइल PM नेतन्याहू की पत्नी के खिलाफ जांच के आदेश
इजराइल के अटॉर्नी जनरल ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी के खिलाफ जांच शुरू करने का आदेश दिया है। उन पर इजराइली नेता के भ्रष्टाचार के मुकदमे में राजनीतिक विरोधियों और गवाहों को परेशान करने का शक है। इजराइली न्याय मंत्रालय ने गुरुवार देर रात यह घोषणा की। इसमें कहा गया कि जांच सारा नेतन्याहू के बारे में हाल ही में यूवीडीए जांच कार्यक्रम की रिपोर्ट के निष्कर्षों पर केंद्रित होगी।
आज सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक
आज सुबह 11 बजे मोदी कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी और रणनीति बनाई जाएगी।
लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल से डिस्चार्ज
देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंच गए हैं। गत 14 दिसंबर को उन्हें तबियत बिगड़ने पर दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लालकृष्ण आडवाणी 97 साल के हैं और उन्हें पीछे 4-5 महीनों में कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। अगस्त के महीने में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
देश दुनिया से जुड़ी खबरों में आपका स्वागत है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का निधन हो गया। 92 साल की उम्र में उन्होंने बीती रात आखिरी सांस ली। बॉलीवुड स्टार सलमान खान का 59वां जन्मदिन मनाया गया। देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत में सुधार हुआ। वे बीती रात 14 दिन बाद अपोलो हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने भ्रामक विज्ञापन के लिए 3 कोचिंग संस्थानों पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
संबंधित खबरें
मुस्कान-साहिल को फांसी की सजा देते ही जज ने कूड़े में क्यों फेंका पेन?
7 mins ago'धर्मांतरण के बाद नहीं मिलेगा आरक्षण का फायदा', सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
27 mins agoतिहाड़ में कैसे बीती आशुतोष और सौरभ की पहली रात, अलग-अलग बैरक में क्यों?
1 hr agoमां मुस्कान को मौत की सजा, मासूम 'राधा' का क्या होगा? कहां जाएगी बच्ची
1 hr agoमौत की सजा सुनते ही फफक फफक कर रोए मुस्कान-साहिल, छोड़ दिया खाना
4 hrs agoअंकिता भंडारी के माता-पिता हिरासत से रिहा, दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी के आरोप
4 hrs agoबढ़ीं ध्रुव राठी की मुश्किलें! कोर्ट ने 2018 के केस में भेजा समन
5 hrs agoअभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास पर एक और FIR, जानें क्या है मामला?
5 hrs agoLIVE: हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी ने बढ़ाई ठंडक
5 hrs agoअब आम आदमी भी दे सकेगा घुसपैठ-डेमोग्राफी में बदलाव की जानकारी, पोर्टल लॉन्च
12 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines