दिल्ली-नोएडा समेत NCR में अचानक बिगड़ा मौसम, दिन में छाया अंधेरा; देखें IMD का अलर्ट

दिल्ली-NCR में आज अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा पसर गया. मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 12:30 से 3:30 बजे के बीच पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश और ओले गिरने की संभावना है. अक्टूबर के मध्य में ही तापमान 20 डिग्री से नीचे जा सकता है, जिससे दोपहर में ही सर्दी जैसा अहसास होगा.

Delhi NCR Weather Update, IMD Rain Alert, Delhi Weather Today, Noida Weather News

दिल्ली-NCR में आज अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए, Credit: Screengrab

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे नोएडा, गाजियाबाद व गुरुग्राम समेत पूरे NCR में आज मौसम ने अचानक करवट ले ली है. दोपहर के समय ही आसमान में घने काले बादल घिर आए और देखते ही देखते तेज धूल भरी आंधी चलने लगी. आज सुबह 11:15 बजे से राजधानी और आसपास के इलाकों में आंधी-तूफान का पहला दौर शुरू हो गया है. गुरुग्राम, उत्तरी दिल्ली और गाजियाबाद के कई इलाकों में घने बादलों के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल रही है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले एक घंटे के भीतर दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लेगा. इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश होने की आशंका है. इसके साथ ही कुछ चुनिंदा इलाकों में ओले गिरने की भी पूरी संभावना बनी हुई है.

विज्ञापन

दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक भारी बारिश का अलर्ट

अगर आप दोपहर के समय घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतें. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, दोपहर 12:30 बजे से लेकर 3:30 बजे के बीच पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बारिश का एक और व्यापक दौर आएगा. इस दौरान कम समय में मध्यम से भारी दर्जे की गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ेंगी, जिससे सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी होने का अंदेशा है.

विज्ञापन

दोपहर में गिरेगा पारा, महसूस होगी सर्दी जैसी ठंडक

अक्टूबर के मध्य में होने जा रही इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी. अनुमान है कि दोपहर के समय ही तापमान गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे (sub 20°C) पहुंच सकता है. दिन के समय तापमान में इस कदर आने वाली गिरावट से दोपहर में ही कड़ाके की ठंड जैसी स्थिति बन सकती है और मौसम पूरी तरह से सर्द हो जाएगा. ऐसे में आने वाले कुछ घंटों तक एनसीआर के लोगों को बदलते मौसम और तेज हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत है.

मौसम विभाग (IMD) का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और कई चक्रवाती हवाओं के सिस्टम सक्रिय हो गए हैं. उत्तर पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अब चक्रवाती परिसंचरण के रूप में जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में सक्रिय है. इसके साथ ही पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर भी हवाओं का चक्रवाती दबाव लगातार बना हुआ है.

विज्ञापन

अगले 48 घंटे कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, दो दिन बीतने के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास बढ़ सकता है.

दिल्ली में यातायात और उड़ानों पर असर की आशंका

विजिबिलिटी कम होने और तेज हवाओं के चलते दिल्ली के प्रमुख चौराहों और एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की गति धीमी हो गई है. वहीं, मौसम खराब होने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों के संचालन में देरी होने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ