Breaking News: कठुआ में फिर दिखे संदिग्ध आतंकी, सुरक्षाबलों ने की फायरिंग

संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज आखिरी दिन है। इसकी शुरुआत 10 मार्च को हुई थी। थाईलैंड में PM मोदी छठे बिम्सटेक समिट में हिस्सा ले रहे हैं। थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न से भी वे आज मुलाकात करेंगे। IPL 2025 का 16वां मैच लखनऊ बनाम मुंबई के बीच शाम 7:30 बजे लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

Breaking News Live Updates

Breaking News Live Updates

नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज 4 अप्रैल दिन शुक्रवार की बड़ी खबरों की बात करें तो आज आयुष्मान भारत योजना घोटाला मामले की कार्रवाई के तहत झारखंड, UP, पश्चिम बंगाल में ED की छापेमारी चल रही है। बॉलीवुड के मशहूर एक्टर मनोज कुमार का आज सुबह निधन हो गया। वक्फ संशोधन बिल के विरोध में JDU के एक और अल्पसंख्यक नेता ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बैंकॉक में BIMSTEC समिट शुरू हो गया है। साउथ एशिया के 5 देश और साउथ ईस्ट एशिया के 2 देश इसमें शिरकत कर रहे हैं। भारत की ओर से प्रधानमंत्री मोदी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

कठुआ में फिर दिखे संदिग्ध आतंकी, सुरक्षाबलों ने की फायरिंग

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में शुक्रवार रात फिर तीन संदिग्ध देखे गए। बिलावर के डुग्गैनी में आज रात साढ़े नौ बजे के बीच तीन संदिग्ध आतंकी देखे गए। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके को सील कर दिया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने फायरिंग भी की। इलाके को घेर कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

कांग्रेस ने भारत भूषण आशु को लुधियाना वेस्ट से बनाया उम्मीदवार

कांग्रेस ने पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट से पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर आप विधायक की मौत के बाद उपचुनाव हो रहे हैं।

पश्चिम बंगाल सरकार अपने फैसले पर विचार करे- सांसद अरुण गोविल

रामनवमी जुलूस के मुद्दे पर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा, मैं पश्चिम बंगाल सरकार से अपील करना चाहता हूं कि वह अपने फैसले पर विचार करे। ऐसे जुलूसों में कभी कोई आक्रामकता नहीं होती। 500 साल बाद राम मंदिर बना और पूरा देश 'जय श्री राम' से गूंज उठा।

स्पीकर विजेंद्र गुप्ता कार्यक्रम में शामिल हुए

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा, मैं इस भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए यहां उपस्थित सभी लोगों का आभारी हूं।

हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होटल में पहुंचने का इंतजार कर रही बोरा समुदाय की सदस्य सबीना कहती हैं, हम भारत और श्रीलंका के बीच विकसित हो रहे द्विपक्षीय संबंधों को लेकर बहुत उत्सुक हैं। हम उनका स्वागत करेंगे, क्योंकि हम भारत के सबसे करीबी पड़ोसी हैं।

उपराज्यपाल के पास अपनी शक्तियां हैं- एलओपी सुनील शर्मा

कश्मीर में सीएम उमर अब्दुल्ला और गठबंधन सहयोगी विधायकों की बैठक पर एलओपी सुनील शर्मा कहते हैं, नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी बैठक कर सकती है, हमें उससे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अगर आप तबादलों की बात करते हैं, तो उपराज्यपाल के पास अपनी शक्तियां हैं। जब 2019 में पुनर्गठन अधिनियम (जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019) बनाया गया था, उस समय यह परिभाषित किया गया था कि सरकार और उपराज्यपाल की शक्तियां क्या हैं। कानून और व्यवस्था के तहत, सभी आदेश और तबादले उपराज्यपाल द्वारा किए जाएंगे। उमर अब्दुल्ला और उनके विधायक इसलिए परेशान हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पूरे जम्मू-कश्मीर की मालिक है।

प्रधानमंत्री रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे- रविंदर रैना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जम्मू और कश्मीर में यूएसबीआरएल (उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक) परियोजना का उद्घाटन करने पर, भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरे भारत में रेलवे के माध्यम से एक कनेक्शन स्थापित करेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कश्मीर के लोगों के लिए एक महान उपहार है। 19 अप्रैल लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा।

स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपार संभावनाएं हैं- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने स्टार्टअप महाकुंभ के बारे में कहा, मेरा मानना ​​है कि भारतीय निवेशकों के लिए यह पहचानने का समय आ गया है कि इस स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपार संभावनाएं हैं। स्टार्टअप महाकुंभ की कुछ खासियतें हैं, आधे से ज़्यादा प्रतिभागी पॉड्स का इस्तेमाल करके अपने आइडिया प्रदर्शित कर रहे हैं। 1500 से ज़्यादा टेक स्टार्टअप को अपने आइडिया मुफ़्त में दिखाने का मौक़ा दिया गया है। इस आयोजन की भव्यता का असर सभी पर पड़ा है। कल 27000 लोग शामिल हुए थे, आज और भी ज़्यादा हैं। कल का आंकड़ा एक लाख को पार कर जाएगा। कांग्रेस ने कभी सोचा भी नहीं था कि स्टार्टअप इकोसिस्टम को कभी बढ़ावा मिलेगा। वे सिर्फ़ आलोचना करना जानते हैं। यही नकारात्मक सोच देश को पीछे खींचती है। सकारात्मक सोच बड़े लक्ष्यों की ओर ले जाती है।

जयपुर नगर निगम में शामिल होंगे 13 गांव

जयपुर में राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि हमने 13 गांव लिए हैं, जिन्हें हमने नगर निगम में शामिल करने का आग्रह किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि उन्हें शामिल किया जाएगा। एक बार जब वे शहरी क्षेत्र का हिस्सा बन जाएंगे, तो यहां विकास का विस्तार और भी तेज हो जाएगा। यहां लगातार काम हो रहा है। यहां सीमेंटेड सड़क बनाई जा रही है। हम यहां 50 बिस्तरों वाला सैटेलाइट अस्पताल भी खोल रहे हैं। हमने यहां एक सामुदायिक भवन का उद्घाटन भी किया है।

भरूच की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग

गुजरात के भरूच के अंकलेश्वर जीआईडीसी इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं- सीएम धामी

संसद द्वारा पारित वक्फ संशोधन विधेयक पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, देश लंबे समय से इसकी मांग कर रहा था। इन जमीनों पर अतिक्रमण और जितनी भी जमीन पंचायतों और अन्य विभागों की थी, वो सब वक्फ में शामिल होती थी। अब वो सारी जमीन उस मापदंड से बाहर आ जाएगी और बहुत काम हो सकेगा। उत्तराखंड में भी ऐसे कई मामले हैं। हम इसकी जांच कराएंगे और जनकल्याण के कामों को आगे बढ़ाएंगे। विपक्ष हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में नए कानून लाए जा रहे हैं और ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं।

श्रीलंका के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड के बैंकॉक से श्रीलंका के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री ने यहां बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लिया।

म्यांनमार में लोकतंत्र बहाल हो- भारत

विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री ने समावेशी और विश्वसनीय चुनावों के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शीघ्र बहाली के महत्व को रेखांकित किया, साथ ही कहा कि भारत विश्वास को बढ़ावा देने और म्यांमार के स्वामित्व वाले और म्यांमार के नेतृत्व वाले संक्रमण को शांतिपूर्ण, स्थिर और लोकतांत्रिक भविष्य की ओर आगे बढ़ाने के प्रयासों का समर्थन करता है।

जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन

दिल्ली में जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के कुछ छात्रों ने वक्फ बिल के विरोध में प्रदर्शन किया था। छात्र संगठन आइसा और NSUI से जुड़े छात्र थे, जिन्होंने कॉलेज कैंपस के भीतर ही वक्फ बिल संशोधन का विरोध किया। इसके चलते पुलिस और RAF को कैंपस के बाहर तैनात किया गया था। हालांकि विरोध प्रदर्शन खत्म हो गया है, लेकिन तनाव का माहौल बना हुआ है।

लोकसभा तक पहुंचा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामला

गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट का मामला लोकसभा तक पहुंच गया है। बनासकांठा की सांसद गीनीबेन ठाकोर ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया और मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता जल्द से जल्द देने की मांग की। विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद फैक्ट्री के मूल मालिक, पिता-पुत्र को गिरफ्तार करके कल उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां उनका रिमांड मंजूर कर लिया गया। वही आज इस पूरी घटना के रिकंस्ट्रक्शन के लिए आरोपी पिता-पुत्र को घटनास्थल पर ले जाया गया। इस दौरान जांच एजेंसियों ने यह जानने की कोशिश की कि कौन-सा सामान कहां रखा गया था और ज्वलनशील पदार्थों को कहां रखा गया था? इस घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है।

ग्वालियर में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलटा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलटा गया। तेज रफ्तार बस से बचने के चक्कर में हादसा हुआ, जिसमें 12 श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें से 3 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घायलों को जयरोग्य अस्पताल लाया गया है। गुड़ा-गुड़ी का नाका इलाके की घटना है। हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु मुरार इलाके के रहने वाले हैं। माधौगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सुखबीर सिंह बादल पहुंचे हाईकोर्ट

शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर श्री दरबार साहिब में हुए हमले को लेकर पंजाब हरियाणा हाइकोर्ट का रुख किया है। आज मामले को लेकर सुनवाई हुई और याचिका में कहा गया है कि आरोपी जेल से बाहर आ गया है। सुखबीर बादल का अभी तक पुलिस ने बयान भी दर्ज नहीं किया है। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट की ओर से पंजाब सरकार को नोटिस देकर अगली सुनवाई 30 अप्रैल को निर्धारित की गई है।

वक्फ संशोधन बिल पर मोहन यादव का बयान

संसद में पारित वक्फ संशोधन बिल पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बयान आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के सभी वर्गों के बारे में सोचते हैं। इसी के चलते वक्फ संशोधन विधेयक 2025 लोकसभा और राज्यसभा दोनों में पारित हुआ। उनके (कांग्रेस) कार्यकाल में मुस्लिम समुदाय की स्थिति निराशाजनक थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'सबका साथ, सबका विकास' हुआ है। मैं इस विधेयक के लिए उनको बधाई देता हूं।

दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा ऐलान

दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पुस्ता सोनिया विहार में एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा। नानकसर गुरुद्वारा से शनि मंदिर (यूपी बॉर्डर) तक 6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनेगा। इससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी। विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।

वक्फ बिल के चलते मस्जिदों के बाहर कड़ी सुरक्षा

वक्फ संशोधन बिल संसद के दोनों सदनों में पास हो गया है। इसके बाद विरोध प्रदर्शन होने और माहौल खराब होने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली के जामिया इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है, क्योंकि कुछ संगठनों और लोगों ने वक्फ बिल को लेकर कहा था कि जामिया में जैसे पहले प्रदर्शन हुआ है, वैसा ही प्रदर्शन दोहराया जाएगा। अगर बिल पास हुआ तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में BIMSTEC समिट शुरू

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में BIMSTEC समिट शुरू हो गया है। साउथ एशिया के 5 देश और साउथ ईस्ट एशिया के 2 देश इसके सदस्य हैं। भारत की ओर से प्रधानमंत्री मोदी इसमें शिरकत कर रहे हैं। म्यांमार में आई त्रासदी के प्रभावितों को एक मिनट याद करने के बाद शिखर सम्मलेन शुरू हुआ। बैठक से पहले प्रधानमंत्री और म्यांमार के सीनियर जनरल Min AungHlaing के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई।

राजस्थान के सीकर में मेले में बवाल

राजस्थान के सीकर के दांतारामगढ़ में जीण माता के लक्खी मेले में आधी रात को बड़ा बवाल हुआ। बत्तीसी संघ द्वारा माता की पूजा अर्चना के दौरान मंदिर पुजारियों और बत्तीसी संघ के लोगों के बीच विवाद हुआ। समझाने आए तहसीलदार महिपाल सिंह और ASI के साथ पुजारियों ने धक्का मुक्की की। कुछ लोगों ने मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में की जमकर तोड़-फोड़ भी की। बत्तीसी संघ के लोग मंदिर परिसर में बैठकर नारेबाजी करने लगे। एसडीएम मोनिका सामौर और डीएसपी कैलाश कंवर समझाने आए। घटना के बाद रात्रि करीब डेढ़ बजे जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक जीण माता मंदिर पहुंचे, लेकिन विवाद नहीं सुलझा।

मनोज कुमार के निधन पर राहुल गांधी की पोस्ट

राहुल गांधी ने मनोज कुमार के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता, लेखक और निर्देशक मनोज कुमार जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनकी फिल्में मनोरंजन के साथ साथ देशभक्ति और सामाजिक संदेशों का माध्यम भी थीं जिससे उन्होंने सिनेमा जगत पर एक अमिट छाप छोड़ी है। इस शोक की घड़ी में उनके प्रियजनों और सभी प्रशंसकों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता, लेखक और निर्देशक मनोज कुमार जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

उनकी फिल्में...

Posted by Rahul Gandhi on Thursday, April 3, 2025

आयुष्मान भारत योजना घोटाल में ED की रेड

आयुष्मान भारत योजना घोटाला मामले में आज झारखंड, UP, पश्चिम बंगाल में ED की छापेमारी चल रही है। 15 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी चल रही है। कुछ समय पहले झारखंड में आयुष्मान योजना घोटाला उजागर हुआ था। कई अस्पतालों ने बिना एडमिट किए हुए मरीजों को सरकार से भुगतान ले लिया था, लेकिन सरकार ने पेमेंट रोक दी थी। इसके बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करके जांच शुरू की। ED के सामने कुल 2000 से ज्यादा अस्पतालों में धांधली की बात सामने आई थी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ