Mahsa Amini: लंदन में ईरानी दूतावास के बाहर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प; कई घायल

Mahsa Amini

नई दिल्ली: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच लंदन में ईरानी दूतावास के बाहर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारी 22 वर्षीय ईरानी महिला के लिए न्याय की मांग कर रहे थे, जिसे ठीक से हिजाब नहीं पहनने के लिए पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया था जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।

लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अव्यवस्था पैदा करने के इरादे से ईरानी दूतावास के बाहर भीड़ इकट्ठा हुई। पुलिस ने कहा कि जब प्रदर्शनकारियों ने दूतावास परिसर में धावा बोलने की कोशिश की तो पुलिस की टीम को बुलाया गया। विरोध के दौरान पुलिस ने कम से कम पांच लोगों को हिरासत में लेने की पुष्टि की और कहा कि जल्द ही और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

22 साल की युवती की मौत पर क्यों उबल रहा ईरान?

पुलिस हिरासत में प्रताड़ना के बाद अस्पताल में 22 साल की महसा अमिनी की मौत के बाद ईरान उबल रहा है। अमिनी के एक रिश्तेदार ने कहा है कि तेहरान के कसारा अस्पताल में पुलिस ने उसे भर्ती कराया था। शुक्रवार को अमिनी के अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में महिला प्रदर्शनकारियों ने इकट्ठा होकर अपना हिजाब या ब्लैक हेडस्कार्फ़ हटा दिया था।

समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के अनुसार, ग्रेटर तेहरान के पुलिस कमांडर होसैन रहीमी ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि वह चाहते हैं कि देश इस तरह की घटनाओं को फिर कभी न देखे।

रहीमी ने कहा, “घटना हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण थी और हम चाहते हैं कि ऐसी घटनाएं कभी न हों।” शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तेहरान पुलिस कमांडर ने कहा कि हिरासत में महिला को नुकसान पहुंचाने के आरोप झूठे हैं और पुलिस ने उसकी जान बचाने के लिए सभी इंतजाम किए थे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ