राजस्थान के सिरोही जिले से लापरवाही और दिखावे का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पेट्रोल पंप पर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो को डीजल से धोता नजर आ रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शिवगंज–पालड़ी एम क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक पाइप के जरिए सीधे गाड़ी पर डीजल डालकर उसे साफ कर रहा है. इस पूरी घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया.
इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. आम लोगों का कहना है कि इस तरह से डीजल की बर्बादी करना गलत है, खासकर ऐसे समय में जब ईंधन की कीमतें पहले से ही अधिक हैं. साथ ही, पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की गतिविधि बेहद खतरनाक भी हो सकती है, जिससे आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है. सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो अब पुलिस तक पहुंच चुका है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस संबंधित युवक की पहचान करने में जुटी हुई है.
Strange act of a rich man's son in Rajasthan; The young man washed Scorpio with petrol;#Rajasthan #petrol #Reels #viralvideos #trending pic.twitter.com/s9f3ZO1J6W
— bhavdip (@bhavdip2149) March 29, 2026
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस तरह की हरकतें सिर्फ दिखावे के लिए की जाती हैं, जो समाज में गलत संदेश देती हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की लापरवाही करने की हिम्मत न करे. फिलहाल, इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.










