हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

यूपी के प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा, बारिश के दौरान 100 साल पुराना मकान ढहा, 6 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच करीब 100 साल पुराना एक मकान ढह गया, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य घायल हो गया. हादसे के समय परिवार के सभी सात लोग एक ही कमरे में सो रहे थे. सूचना मिलते ही बचाव दल ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायल को अस्पताल पहुंचाया.

विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कोतवाली पुलिस स्टेशन इलाके के महुली मोहल्ले में भारी बारिश के दौरान लगभग 100 साल पुराना एक घर ढह गया, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि जब घर का ढांचा गिरा, तो परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे और मलबे के नीचे दब गए. बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे, पीड़ितों को बाहर निकाला और घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया. मरने वालों में एक दंपत्ति, उनका बेटा, बहू और दो बच्चे शामिल हैं.

प्रतापगढ़ में हुए हादसे में सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद प्रतापगढ़ में हुए हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री योगी घटनास्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने के लिए भी निर्देश दिए है. सीएम योगी ने कहा कि मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए. साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

भारी बारिश के दौरान लगभग 100 साल पुराना घर गिरने और उसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत होने की घटना पर पड़ोस में रहने वाली पूनम श्रीवास्तव ने बताया, ‘पूरा परिवार सो रहा था, तभी अचानक छत गिर गई. ऊपर की मंजिल का मलबा नीचे की मंजिल पर आ गिरा, जिससे सोते हुए सभी लोग अंदर ही फंस गए. घर के अंदर परिवार के सात सदस्य थे. एक व्यक्ति को जिंदा बचा लिया गया, जबकि दो बच्चों समेत छह अन्य लोगों की मौत हो गई.’

विज्ञापन

यह भी पढ़ें- नहीं रहे UP में BSP के इकलौते MLA उमाशंकर सिंह, लंबे समय से कैंसर से थे पीड़ित

रात करीब दो बजे अचानक भरभराकर गिरा जर्जर मकान

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना होने के कारण लंबे समय से जर्जर स्थिति में था. गुरुवार तड़के लगभग दो बजे अचानक पूरी इमारत ढह गई. हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर सो रहे थे. मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गया.

विज्ञापन

मलबे के नीचे दब गया पूरा परिवार, छह लोगों की गई जान

मकान ढहने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव दल के साथ मिलकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, माधव और मासूम अद्विक की जान चली गई.

परिवार का सिर्फ एक सदस्य बचा जिंदा

इस हादसे में परिवार के 28 वर्षीय अमन श्रीवास्तव की जान बच गई. बताया जा रहा है कि घटना के बाद उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई. हालांकि, परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरे गांव में गहरा शोक है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

Tags:

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola