नालासोपारा पूर्व की नीलकंठेश्वर बिल्डिंग में जन्मदिन की पार्टी के दौरान केक खाने के बाद 11 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. इनमें 7 बच्चे और 4 वयस्क शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच नीलकंठेश्वर बिल्डिंग में जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने केक खाया. केक खाने के बाद कुछ लोगों को जी मिचलाने, उल्टी, सिरदर्द और हल्के पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं.
केक में छिपकली मिलने का दावा
बीमार हुए एक बच्चे के मुताबिक, केक खाने के बाद उसमें छिपकली जैसी कोई चीज दिखाई दी. बच्चे ने बताया कि केक खाने के बाद उन्हें हल्का पेट दर्द महसूस होने लगा. परिजनों की ओर से केक में मरी हुई छिपकली मिलने का दावा किया गया है. हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि केक में वास्तव में छिपकली थी या तबीयत खराब होने की वजह क्या रही.
रात करीब 8 बजे अस्पताल पहुंचे सभी मरीज
केक खाने के बाद जब लोगों की तबीयत बिगड़ी तो सभी 11 मरीजों को इलाज के लिए विजय लक्ष्मी अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे सभी मरीज अस्पताल पहुंचे. अस्पताल की डायरेक्टर डॉ. विद्या सावंत ने बताया कि कुल 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए हैं. इनमें 7 बच्चे और 4 वयस्क हैं. डॉ. सावंत के मुताबिक, मरीजों में जी मिचलाने, उल्टी और सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई दिए थे.
3 मरीज ICU में भर्ती
डॉ. विद्या सावंत के अनुसार, मरीजों में से तीन को ICU में रखा गया है, जबकि बाकी मरीजों का इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है. फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है.
चामुंडा डेयरी से खरीदा गया था केक
जानकारी के मुताबिक, जन्मदिन के कार्यक्रम के लिए यह केक नीलकंठेश्वर बिल्डिंग के सामने स्थित चामुंडा डेयरी की केक शॉप से खरीदा गया था. अब पूरे मामले में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि केक की गुणवत्ता कैसी थी, उसे किस तरह तैयार और स्टोर किया गया था और आखिर केक खाने के बाद एक साथ 11 लोगों की तबीयत क्यों बिगड़ी.
फिलहाल केक में छिपकली मिलने के दावे की पुष्टि होना बाकी है और मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है. मामले की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.