---विज्ञापन---

हिमाचल angle-right

हिमाचल निकाय चुनाव में BJP की प्रचंड जीत, 4 में से 3 नगर निगमों में हारी कांग्रेस

Himachal Municipal Election Results: हिमाचल प्रदेश नगर निगम चुनाव के नतीजों में भाजपा ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन निगमों पर कब्जा कर लिया है. मंडी, धर्मशाला और सोलन में बीजेपी की आंधी में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस केवल पालमपुर में ही अपनी साख बचा पाई. बीजेपी खेमे में जश्न का माहौल है.

---विज्ञापन---

Himachal Municipal Election Results: हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनाव में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सत्ताधारी कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है. राज्य के चार नगर निगमों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी ने तीन निगमों—मंडी, धर्मशाला और सोलन पर अपना परचम लहरा दिया है. वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को तगड़ा झटका लगा है और वह केवल पालमपुर नगर निगम में ही अपनी जीत दर्ज कर सकी है. 17 मई को पार्टी सिंबल पर हुए इस मतदान में कुल 63.65% वोटिंग दर्ज की गई थी. रविवार को जब मतों की गिनती शुरू हुई, तो शुरुआती रुझानों से ही बीजेपी ने अपनी बढ़त बना ली थी जो अंत तक जीत में बदल गई.

मंडी में चला पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का जादू

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की है. मंडी नगर निगम के 14 वार्डों में से बीजेपी ने 12 पर धमाकेदार जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय के खाते में सिर्फ 1-1 सीट ही आई. पूर्व सीएम के गढ़ में मिली इस जीत को बीजेपी के लिए बेहद खास माना जा रहा है.

---विज्ञापन---

धर्मशाला और सोलन में भी खिला ‘कमल’

धर्मशाला नगर निगम की बात करें तो यहां की 17 सीटों में से बीजेपी ने 11 पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस सिर्फ 5 सीटों पर सिमट गई. यहां 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती. उधर, सोलन नगर निगम में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया. यहां बीजेपी को 10 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी और 1 सीट निर्दलीय के खाते में गई.

कांग्रेस केवल पालमपुर में बचा पाई साख

इस पूरे चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस के लिए राहत की खबर सिर्फ पालमपुर से आई. पालमपुर नगर निगम की 15 सीटों में से कांग्रेस ने 11 पर अपनी जीत का परचम लहराया, जबकि बीजेपी यहां केवल 4 सीटों पर ही सिमट कर रह गई.

---विज्ञापन---

नतीजों के बाद कर्मचारियों और जनता की नाराजगी पर चर्चा

इस बड़ी जीत के बाद शिमला स्थित बीजेपी कार्यालय में जश्न का माहौल है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि प्रदेश की जनता और विशेष रूप से कर्मचारी, महिलाएं व युवा मौजूदा कांग्रेस सरकार की नीतियों से बेहद परेशान हैं. नगर निगम के इन चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि हिमाचल की जनता बदलाव के मूड में है और उन्होंने कांग्रेस सरकार के कामकाज के खिलाफ अपना कड़ा असंतोष जाहिर किया है.

First published on: May 31, 2026 09:37 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

सीनियर न्यूज एडिटर विजय जैन को पत्रकारिता में 23 साल से अधिक का अनुभव है.  न्यूज 24 से पहले विजय दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में अलग-अलग जगहों पर रिपोर्टिंग और टीम लीड कर चुके हैं, हर बीट की गहरी समझ है। खासकर शहर राज्यों की खबरें, देश विदेश, यूटिलिटी और राजनीति के साथ करेंट अफेयर्स और मनोरंजन बीट पर मजबूत पकड़ है. नोएडा के अलावा दिल्ली, गाजियाबाद, गोरखपुर, जयपुर, चंडीगढ़, पंचकूला, पटियाला और जालंधर में काम कर चुके हैं इसलिए वहां के कल्चर, खानपान, व्यवहार, जरूरत आदि की समझ रखते हैं. प्रिंट के कार्यकाल के दौरान इन्हें कई मीडिया अवार्ड और डिजिटल मीडिया में दो नेशनल अवार्ड भी मिले हैं. शिकायत और सुझाव के लिए स्वागत है- Vijay.kumar@bagconvergence.in

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola