Palak Saxena
मैं डिजिटल जर्नलिस्ट हूं और वर्तमान में News24 Hindi के साथ काम कर रही हूं. पिछले एक साल से मैं कंपनी में कार्यरत हूं. लाइफस्टाइल, हेल्थ, ट्रेंडिंग बीट के साथ-साथ न्यूज बीट पर भी काम कर रही हूं.
Read More---विज्ञापन---
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने महज तीन महीने के भीतर 9 महंगी मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. हैरानी की बात यह है कि आरोपी पढ़ा-लिखा युवक है और एमबीए कर चुका है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पुनीत के रूप में हुई है. वह अपनी फर्राटेदार अंग्रेजी और आत्मविश्वास के जरिए बाइक शोरूम कर्मचारियों को प्रभावित करता था. वह पहले किसी महंगी बाइक को पसंद करता और फिर टेस्ट ड्राइव के बहाने उसे बाहर ले जाता था.
अगर शोरूम का कोई कर्मचारी उसके साथ होता, तो आरोपी मौका देखकर चलती बाइक से उसे धक्का देकर फरार हो जाता था. आरोपी ने इस तरह की पहली वारदात 13 दिसंबर को अंजाम दी थी. पहली घटना के बाद जब वह पकड़ा नहीं गया, तो उसका हौसला बढ़ता गया और उसने लगातार 9 वारदातों को अंजाम दे डाला.
पुनीत ने दिल्ली के कई इलाकों के अलावा गुरुग्राम के शोरूम्स को भी निशाना बनाया. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस ने शोरूम संचालकों के साथ मिलकर एक योजना बनाई और टेस्ट ड्राइव के लिए दी जाने वाली बाइक में GPS डिवाइस लगवाए. इसी दौरान आरोपी एक ऐसी बाइक लेकर भागा, जिसमें GPS लगा हुआ था. पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर उसे धर दबोचा.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसों के लालच में यह अपराध कर रहा था. पुलिस अब उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है.
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।