MI Defeated KKR: IPL 2026 का दूसरा मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मैच में रनों की जमकर बारिश हुई. मुंबई इंडियंस ने पिछले 14 सालों से IPL का पहला मैच नहीं जीता था. आखिरकर उन्होंने अपनी हार का सिलसिला खत्म किया. रोहित शर्मा-रयान रिकेल्टन की धमाकेदार बल्लेबाजी और शार्दुल ठाकुर की सटीक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ IPL 2026 की शुरुआत की.
KKR ने दिया 221 रन का बड़ा लक्ष्य
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. KKR की शुरुआत धमाकेदार रही. अजिंक्य रहाणे और फिन एलन के बीच 69 रनों की साझेदारी हुई. एलन 17 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हो गए. कैमरून ग्रीन को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वो 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, वहीं अंगकृश रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन ठोके. अंत में रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाकर KKR को 220 रन के बड़े स्कोर पर पहुंचा दिया. MI के लिए शार्दुल ठाकुर ने 3 और हार्दिक पांड्या ने 1 विकेट झटका.
ये भी पढ़ें:- MI vs KKR: मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुनील नरेन ने रचा इतिहास, कीरोन पोलार्ड को पछाड़ा
MI की ऐतिहासिक जीत
मुंबई इंडियंस के सामने 221 रनों का बड़ा लक्ष्य था लेकिन रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की जोड़ी ने इसे आसान बना दिया. दोनों ने शुरुआत से ही बड़े-बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए. उनके बीच 148 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी देखने को मिली. रोहित ने 38 गेंदों में 205.26 के स्ट्राइक रेट से 78 रन की पारी खेली. वो वैभव अरोड़ा की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गए. मुंबई इंडियंस इसके बाद भी नहीं रुकी.
रयान रिकेल्टन 43 गेंदों में 81 रन बनाकर खेल रहे थे. इसी बीच दूसरा रन लेने के चक्कर में वो रनआउट हो गए. सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या के छोटे-छोटे योगदान के दम पर मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट रहते 221 रन का लक्ष्य चेज कर लिया. मुंबई इंडियंस 14 साल बाद IPL का पहला मैच जीतने में सफल हुई. IPL इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस ने इतना बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया. ये उनके लिए ऐतिहासिक जीत साबित हुई.
ये भी पढ़ें:- IPL 2026: रोहित शर्मा की सुनामी में उड़े गेंदबाज! 205.26 के स्ट्राइक रेट से कमबैक मैच में खेली तूफानी पारी










