Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

क्या अदालतें तय करेंगी धर्म की सीमा? 9 जजों की बेंच के फैसले पर टिकी देश की नजर

सुप्रीम कोर्ट की 9 जजों की बेंच 7 अप्रैल से सबरीमाला मंदिर और धर्म बनाम समानता के मुद्दों पर ऐतिहासिक सुनवाई शुरू करेगी. इसमें मस्जिद प्रवेश और पारसी महिलाओं के अधिकार भी शामिल हैं.

Author
Written By: Raja Alam Updated: Feb 16, 2026 14:45

सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश और उससे जुड़े धर्म बनाम समानता के विवादों पर सुनवाई की पूरी तैयारी कर ली है. मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने साफ किया है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 9 जजों की बड़ी संविधान पीठ 7 अप्रैल 2026 से खुली अदालत में दलीलें सुनेगी. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पहले सबरीमाला से जुड़े कानूनी सवालों पर बहस होगी और उसके बाद ही अन्य संबंधित मामलों को लिया जाएगा. सभी पक्षों को अपनी लिखित दलीलें जमा करने के लिए 14 मार्च 2026 तक का समय दिया गया है. इस सुनवाई के जरिए कोर्ट उन पुराने कानूनी विवादों को खत्म करना चाहता है जो साल 2020 में कोविड और अन्य कारणों से अटक गए थे.

धर्म और न्यायिक समीक्षा के बड़े सवालों पर मंथन

इस ऐतिहासिक सुनवाई के दौरान कोर्ट कई बुनियादी संवैधानिक सवालों के जवाब तलाशेगा. इसमें सबसे अहम यह है कि अनुच्छेद 25 और 26 के तहत मिलने वाली धार्मिक आजादी की सीमा क्या है और क्या अदालत किसी धर्म की ‘आवश्यक प्रथा’ को परिभाषित कर सकती है. इसके अलावा धार्मिक संप्रदायों की परिभाषा और प्रचलित परंपराओं की न्यायिक समीक्षा के अधिकार पर भी फैसला होगा. सबरीमाला के साथ-साथ यह बेंच दाऊदी बोहरा समुदाय, मुस्लिम महिलाओं के मस्जिद में प्रवेश और पारसी महिलाओं की धार्मिक स्थिति जैसे मुद्दों पर भी विचार करेगी. पारसी पंचायत के वकील ने भी धर्म से बाहर शादी करने वाली महिलाओं की स्थिति का सवाल उठाया है जिसे अतिरिक्त मुद्दों में शामिल किया जा सकता है.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: ‘समाज का भला करने के लिए जेल में नहीं हो’, रिहाई मांग रहे अबू सलेम पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

सुनवाई का सख्त टाइम टेबल और नोडल वकीलों की नियुक्ति

अदालत ने सुनवाई को व्यवस्थित बनाने के लिए एक सख्त समय-सारणी तैयार की है. 7 से 9 अप्रैल तक रिव्यू याचिकाकर्ताओं की बात सुनी जाएगी, जबकि 14 से 16 अप्रैल के बीच विरोधी पक्ष अपनी दलीलें रखेंगे. 21 अप्रैल को जवाबी दलीलें और अमीकस क्यूरी की दलीलें सुनी जाएंगी. कोर्ट ने सीनियर वकील के. परमेश्वर और सी.यू. सिंह को अमीकस क्यूरी के रूप में नियुक्त किया है जो कानूनी बारीकियों को समझने में पीठ की मदद करेंगे. सीजेआई ने सभी वकीलों को चेतावनी दी है कि वे तय समय का सख्ती से पालन करें ताकि मामला और ज्यादा न खिंचे. दो नोडल वकीलों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है जो दोनों पक्षों के दस्तावेजों को व्यवस्थित करेंगे.

---विज्ञापन---

केरल चुनाव और सरकार को मिलने वाली राहत

सबरीमाला मामले की सुनवाई 7 अप्रैल से शुरू होने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं. केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इस तारीख का तय होना राज्य की मौजूदा एलडीएफ सरकार के लिए राहत की बात मानी जा रही है. तब तक चुनाव की घोषणा होने और आचार संहिता लागू होने की संभावना है, जिससे सरकार को मंदिर में महिलाओं के प्रवेश जैसे संवेदनशील मुद्दे पर तुरंत हलफनामा दाखिल करने की बाध्यता नहीं होगी. हालांकि विपक्षी दल इस मुद्दे को चुनावी अभियान में जोर-शोर से उठाने की तैयारी में हैं, लेकिन कानूनी मोर्चे पर सरकार को चुनाव खत्म होने तक का समय मिल सकता है.

First published on: Feb 16, 2026 02:24 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.