देश में महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए एक झटके वाली खबर सामने आई है. निजी क्षेत्र की दिग्गज तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. होर्मुज की खाड़ी लगभग बंद होने और दोनों देशों द्वारा ऊर्जा संबंधित स्थानों पर हमलों से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और परिचालन लागत में वृद्धि के कारण निजी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा था. इसी के चलते नायरा एनर्जी ने यह कदम उठाया है. सरकारी तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) ने फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है.
देश के महानगरों के पेट्रोल के क्या दाम?
- हैदराबाद: 107.46 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता: 105.41 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई: 103.54 रुपये प्रति लीटर
- बेंगलुरु: 102.92 रुपये प्रति लीटर
- नई दिल्ली: 94.77 रुपये प्रति लीटर
प्रमुख शहरों में नई डीजल कीमतें (प्रति लीटर):
- हैदराबाद: 95.70
- भुवनेश्वर: 92.77
- चेन्नई: 92.39
- नई दिल्ली: 87.67
आम आदमी पर असर
इस वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है. कई राज्यों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं. असम के गुवाहाटी समेत विभिन्न जगहों पर वाहन मालिक टैंक भरवाने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी की अफवाहें वायरल होने से लोग घबराकर पेट्रोल और डीजल खरीद रहे हैं.
एलपीजी सिलेंडर रिफिलिंग स्टेशनों और डिपो पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है. सरकार ने बार-बार आश्वासन दिया है कि देश में पेट्रोल-डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है, फिर भी पैनिक खरीदारी जारी है.
ओवैसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद सांसद असद्दुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार संकट को संभालने में पूरी तरह नाकाम रही है. उन्होंने कहा, “सरकार ने पर्याप्त सामरिक पेट्रोलियम भंडार नहीं बनाए. देश में प्रमुख ईंधनों और उर्वरकों की कमी हो रही है. जनता सरकार की लापरवाही की कीमत चुका रही है. विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम और भी भारी बढ़ोतरी के साथ देखने को मिल सकते हैं.










