Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

‘पेट्रोल पंप ही बंद करवा दूंगा…’, तेल भरवाने उमड़ी भीड़ देख उमर अब्दुल्ला ने दी चेतावनी

क्या जम्मू-कश्मीर में खत्म होने वाला है पेट्रोल? ईरान वार के चलते तेल संकट की अफवाह के बीच पेट्रोल पंपों पर लगी गाड़ियों की किलोमीटर लंबी कतारें. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दी सीधी चेतावनी- 'अफवाह फैलाई या तेल रोका तो बंद कर देंगे पंप'. क्या है पूरा मामला और क्या वाकई में होने वाली है तेल की किल्लत?

Author
Edited By : Vijay Jain Updated: Mar 27, 2026 14:04
Omar Abdullah

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही सोशल मीडिया अफवाहों पर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर लोग निराधार अफवाहों के आधार पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगाते रहे तो सरकार को कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंप बंद करने पर मजबूर होना पड़ सकता है. सीएम अब्दुल्ला ने कहा, ‘मेरी उन तमाम लोगों से गुजारिश है जो सोशल मीडिया की अफवाहों के आधार पर पेट्रोल पंपों के बाहर लाइन लगाए बैठे हैं. हमें मजबूर मत कीजिए, नहीं तो अगर यही हाल रहा तो मैं कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंप ही बंद कर दूंगा, जब तक ये अफवाहें बंद नहीं होतीं’.

सोशल मीडिया पर फैली यह अफवाह

दरअसल, सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फैल गई कि ईरान में चल रहे संकट के कारण भारत में ईंधन की सप्लाई रुक सकती है और आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल मिलना मुश्किल हो जाएगा. इस खबर के फैलते ही श्रीनगर समेत जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े. कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.

---विज्ञापन---

कोई कमी नहीं, आपूर्ति सुचारू है

मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई समीक्षा बैठक का हवाला देते हुए साफ किया कि जम्मू-कश्मीर में फिलहाल पेट्रोल, डीजल या एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों ही स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं. किसी भी तरह की राशनिंग या उपयोग सीमित करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है.
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि जब सरकार आधिकारिक जानकारी देती है तो लोग उस पर ध्यान नहीं देते, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर तुरंत भरोसा कर लेते हैं. इससे कृत्रिम संकट पैदा हो रहा है और हालात बिगड़ रहे हैं.

केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें

उमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सभी मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक बुलाई है. इस बैठक में मध्य पूर्व, खासकर ईरान और आसपास के इलाकों की स्थिति पर चर्चा होगी. यदि युद्ध की स्थिति लंबी खिंचती है तो आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाए, इस पर भी फैसला लिया जाएगा. सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन लोगों को भी जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी होगी.

---विज्ञापन---
First published on: Mar 27, 2026 02:04 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.