ईरान से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखी है कि दोनों नेताओं ने ‘मिडिल ईस्ट की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने की जरूरत पर भी बात की.’
ट्रंप ने पीएम मोदी से यह बातचीत उनके उस दावे के एक दिन बाद की है, जिसमें उन्होंने मिडिल ईस्ट में पूरी तरह दुश्मनी खत्म करने और कुल समाधान के संबंध में बहुत अच्छी बातचीत होने की बात कही थी.
President Donald Trump just spoke with Prime Minister Modi. They discussed the ongoing situation in the Middle East, including the importance of keeping the Strait of Hormuz open.
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) March 24, 2026
ईरान पर US-इजरायल हमले शुरू होने के बाद से पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर यह पहली बातचीत है.
अमेरिकी राजदूत के एक्स पर पोस्ट करने के कुछ मिनट बाद ही पीएम मोदी ने भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनकी सार्थक बातचीत हुई. एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि भारत तनाव कम करने और जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है, और इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला, सुरक्षित रखना ग्लोबल स्टेबिलिटी के लिए जरूरी है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप का कॉल आया और पश्चिम एशिया के हालात पर अच्छी बातचीत हुई. भारत जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति बहाल करने का समर्थन करता है. होर्मुज स्ट्रेट खुला, सुरक्षित और आसानी पहुंच वाला बना रहे, यह सुनिश्चित करना दुनिया के लिए जरूरी है. हम शांति और स्थिरता की कोशिशों के लिए संपर्क में रहने पर सहमत हुए.’
Received a call from President Trump and had a useful exchange of views on the situation in West Asia. India supports de-escalation and restoration of peace at the earliest. Ensuring that the Strait of Hormuz remains open, secure and accessible is essential for the whole world.…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 24, 2026
बता दें, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया था. ईरान ने पलटवार करते हुए इजरायल पर मिसाइलें दागीं. इसके साथ ही अमेरिका के मिडिल ईस्ट में मौजूद सैन्य अड्डों को निशाना बनाया.










