Air India Flights Cancelled : अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया की दो और उड़ानें रद्द हो गईं। ये फ्लाइटें दिल्ली से पेरिस जाने वाली थी, लेकिन अचानक से उड़ानें रद्द कर दी गईं। ये बोइंग ड्रीमलाइनर के विमान हैं। आज फ्लाइट AI 143 और कल यानी बुधवार को AI 142 उड़ान भरने वाली थी।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि आज यानी 17 जून को दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 को रद्द कर दिया गया है। अनिवार्य प्री-फ्लाइट जांच में एक समस्या की पहचान की गई है, जिसे फिलहाल ठीक किया जा रहा है। हालांकि, पेरिस चार्ल्स डी गॉल (CDG) एयरपोर्ट पर रात के संचालन पर प्रतिबंध के तहत आने वाली उड़ान को देखते हुए उक्त उड़ान को रद्द कर दिया गया है।
एयरलाइन ने यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की
उन्होंने आगे कहा कि एयरलाइन होटल में यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था कर रही है। साथ ही लोगों की ओर से यात्रा कैंसिल करने पर पूरी राशि वापसी करने की पेशकश की गई है। परिणामस्वरूप, 18 जून, 2025 को पेरिस से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI142 भी कैंसिल कर दी गई है। इससे पहले सुबह तकनीकी खराबी के कारण अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया के विमान AI 159 को रद्द कर दिया गया था।
अहमदाबाद में प्लेन हुआ था क्रैश
गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया का पैसेंजर प्लेन क्रैश हो गया था, जिसमें पायलट और क्रू मेंबर समेत 270 यात्रियों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद शवों का पहचान करना मुश्किल था, जिस पर डीएनए टेस्ट के जरिए परिजननों को डेड बॉडी सौंपी जा रही है। साथ ही एअर इंडिया ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में मुआवजा देने का ऐलान किया है।